बेगूसराय में जमीन बेचने को लेकर हुए विवाद में 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत, मां ने पति पर हत्या का लगाया आरोप

Updated:
विज्ञापन

मृतक के घर पर लगी लोगों की भीड़

बेगूसराय के वीरपुर में जमीन विवाद के चलते 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत। मां ने पिता पर हत्या का आरोप लगाया, पुलिस मामले की जांच में जुटी।

विज्ञापन

बेगूसराय के वीरपुर थाना क्षेत्र के मैदा वभनगामा गांव में 21 वर्षीय मोहम्मद जीशान की संदिग्ध स्थिति में मौत का मामला सामने आया है. मंगलवार की रात उसका शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला. मृतक की मां जन्नती खातून ने अपने पति अशफाक पर बेटे की हत्या कर शव को आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है. हालांकि, ग्रामीण इसे आत्महत्या बता रहे हैं. पुलिस फिलहाल हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

जमीन को लेकर पिता-पुत्र में चल रहा था विवाद

जन्नती खातून के अनुसार करीब दो लाख रुपये की 10 धूर जमीन को लेकर जीशान और उसके पिता अशफाक के बीच विवाद चल रहा था. आरोप है कि अशफाक जमीन का सौदा कर खरीदार से 50 हजार रुपये एडवांस भी ले चुके थे. जीशान जमीन बेचने के विरोध में था.

मां ने बताया कि जमीन के विवाद की जानकारी मिलने के बाद जीशान 17 अगस्त को कोलकाता से गांव लौटा था. उसने जमीन के सौदे को लेकर लोगों से जानकारी भी जुटाई थी.

1 मृतक के घर पर लगी लोगों की भीड़  2 मृतक का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
मृतक का फाइल फोटो

मां ने लगाया हत्या कर शव लटकाने का आरोप

जन्नती खातून का आरोप है कि मंगलवार रात किसी का फोन आने के बाद जीशान को घर से बाहर बुलाया गया. इसके बाद उसे करीब 500 मीटर दूर एक बगीचे में ले जाया गया, जहां उसके पिता और उनके सहयोगियों ने उसकी हत्या कर दी. मां का दावा है कि देर रात शव को घर लाकर फंदे से लटका दिया गया, ताकि घटना आत्महत्या जैसी लगे.

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस के पहुंचने से पहले गांव में पंचायत बैठाकर मामले को दबाने का प्रयास किया गया. जीशान के हिस्से की जमीन उसकी पत्नी के नाम करने की बात कहकर केस नहीं करने के लिए समझाने का प्रयास किए जाने का भी आरोप लगाया गया है. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

सूचना मिलने पर वीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. बुधवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

थानाध्यक्ष राजू रंजन ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.


विज्ञापन
Vikash Kumar

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन