बेगूसराय में ऑटो सर्विस दुकान से मजदूर का शव बरामद, पत्नी ने जताई हत्या की आशंका
रोते बिलखते परिजन
शहर की फलमंडी में स्थित एक ऑटो सर्विस की दुकान में एक मजदूर का शव मिलने से सनसनी फैल गई. शव मिलने की जगह और परिस्थितियों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं. मृतक की पत्नी ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है.
Begusarai crime news: शहर के फलमंडी स्थित सुखदेव ऑटो सर्विस की एक दुकान में मंगलवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक मजदूर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान वीरपुर थाना क्षेत्र के कारीचक गांव निवासी 45 वर्षीय मो. जफर, पिता मो. कैसर के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.
दुकान के अंदर मिला शव
बताया जाता है कि मो. जफर का शव दुकान के अंदर पेट के बल पड़ा हुआ मिला. उनका एक पैर दरवाजे के किवाड़ से बाहर था, जबकि शरीर का बाकी हिस्सा कमरे के अंदर था. शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई.
मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं
घटनास्थल पर मौजूद लोग अलग-अलग तरह की आशंकाएं जता रहे थे. कुछ लोगों ने करंट लगने से मौत होने की संभावना जताई, जबकि कुछ शराब पीने के कारण मौत होने की चर्चा कर रहे थे. हालांकि पुलिस ने किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है.
पत्नी ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक की पत्नी अफसाना खातून ने हत्या की आशंका जताई है. उन्होंने बताया कि उनके पति मो. खुर्शीद की ऑटो सर्विस दुकान में मजदूरी करते थे. सोमवार रात उन्होंने फोन कर बेटे को दुकान भेजने के लिए कहा था, क्योंकि उनकी तबीयत ठीक नहीं थी. मंगलवार सुबह उन्हें पति की मौत की सूचना मिली.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पत्नी द्वारा लगाए गए हत्या के आरोप की भी जांच जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










