बेगूसराय दुष्कर्म मामला: केंद्रीय राज्य मंत्री राजभूषण निषाद का बयान-' घटना दुखद, दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा', जांच में तेजी के संकेत

Edited by YUVRAJ RATAN
Updated:
विज्ञापन

प्रतीकात्मक तस्वीर

बेगूसराय दुष्कर्म मामला : बेगूसराय में दुष्कर्म की घटना पर सियासत और सख्ती, मंत्री ने दिया कार्रवाई का आश्वासन. नीचे पढ़िए पूरी खबर.

विज्ञापन

बेगूसराय से विकाश मिश्रा की रिपोर्ट
बेगूसराय दुष्कर्म मामला : बेगूसराय केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री राजभूषण निषाद एक दिवसीय दौरे पर बेगूसराय पहुंचे.इस दौरान आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को विस्तार से गिनाया. साथ ही बेगूसराय में महिला के साथ हुई गैंगरेप और हैवानियत की घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया.मंत्री ने कहा कि बेगूसराय की घटना अत्यंत दुखद और निंदनीय है. इस मामले में सरकार पूरी तरह संवेदनशील है और लापरवाही बरतने के आरोप में संबंधित थानाध्यक्ष को निलंबित किया जा चुका है.

राज्य में अपराध पर नियंत्रण का दावा, मंत्री ने जताई सरकार की प्रतिबद्धता

उन्होंने कहा कि अपराधी चाहे कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा और आने वाले दिनों में उन पर कड़ी कार्रवाई दिखाई देगी. उन्होंने कहा कि जो लोग बिहार की छवि खराब करने का प्रयास करेंगे,उनके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कदम उठाए जाएंगे. मंत्री ने कहा कि राज्य में कुछ छिटपुट घटनाएं जरूर हो रही हैं, लेकिन सरकार उन पर नियंत्रण पाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. राजभूषण निषाद ने कहा कि आज सोशल मीडिया और आधुनिक संचार माध्यमों के कारण किसी भी घटना की जानकारी तत्काल पूरे देश तक पहुंच जाती है. पहले ऐसी घटनाएं स्थानीय स्तर तक ही सीमित रह जाती थीं.

केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री राजभूषण निषाद

कानून व्यवस्था मजबूत होने का दावा, मंत्री ने गिनाईं उपलब्धियां

उन्होंने दावा किया कि बिहार में पहले की तुलना में अपराध का ग्राफ काफी घटा है. हत्या और अपहरण जैसी घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आई है तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार हुआ है. पीड़िता से मुलाकात के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि जल्द ही पीड़िता से मिलकर उसका हालचाल जानें. वहीं आरा की घटना को लेकर उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी. तेल कम खाने की प्रधानमंत्री की अपील का समर्थन किए हैं.

स्वास्थ्य और विकास पर केंद्र का फोकस

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोगों से तेल का कम उपयोग करने की अपील पर मंत्री ने कहा कि आज बड़ी संख्या में युवा फैटी लीवर जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं.अल्ट्रासाउंड जांच में ऐसे मामलों की संख्या लगातार सामने आ रही है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का उद्देश्य देश के युवाओं को स्वस्थ रखना है,ताकि वे राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें. इसलिए तेल के सीमित उपयोग की सलाह दी गई है. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प के साथ देश के सर्वांगीण विकास की नई इबारत लिखी है. इस दौरान आधारभूत संरचना, सामाजिक सुरक्षा, जल प्रबंधन, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और डिजिटल क्रांति के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल हुई हैं.

सुशासन और जनभागीदारी से विकसित भारत की ओर बढ़ रहा देश: मंत्री

योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है.अंत में उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनभागीदारी और सुशासन के बल पर भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में और अधिक तेजी से आगे बढ़ेगा. प्रेसवार्ता का संचालन भाजपा जिला मंत्री सह मीडिया प्रभारी शुभम कुमार ने किया.इस अवसर पर जिला प्रभारी शशिभूषण उर्फ बबलू,जिला महामंत्री कुंदन भारती,जिला उपाध्यक्ष मृत्युंजय वीरेश,सुमित सन्नी समेत कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे.

Also Read : बेगूसराय दुष्कर्म मामला: 12 जून की मेडिकल जांच में प्राइवेट पार्ट में कारतूस-पत्थर-लकड़ी क्यों नहीं मिली?

विज्ञापन
YUVRAJ RATAN

लेखक के बारे में

By YUVRAJ RATAN

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन