दूसरी सोमवारी पर हरिगिरि धाम में उमड़ेगी भीड़, सुरक्षा व्यवस्था को प्रशासन ने किया पुख्ता
ब्रीफिंग में शामिल अधिकारी व कर्मी
Begusarai News : सावन की दूसरी सोमवारी पर बाबा हरिगिरि धाम में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. ड्रोन और सीसीटीवी से रखी जाएगी नजर
Begusarai News : सावन की दूसरी सोमवारी पर बाबा हरिगिरि धाम में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है. रविवार शाम बाबा हरिगिरि धाम मंदिर परिसर में बाबा हरिगिरि धाम के अध्यक्ष सह बखरी एसडीएम सन्नी कुमार सौरव और डीएसपी कुंदन कुमार ने संयुक्त रूप से सुरक्षाबलों की ब्रीफिंग की. इस दौरान जिले के विभिन्न थानों से प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों, दंडाधिकारियों और जवानों को कांवरिया पथ से लेकर मंदिर परिसर तक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. अधिकारियों ने जवानों को स्पष्ट निर्देश दिया कि दूसरी सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए. गढ़पुरा चौक से बाबा हरिगिरि धाम तक कांवरियों की आवाजाही पर लगातार नजर रखने के साथ संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया.
ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी
एसडीएम सन्नी कुमार सौरव ने कहा कि दूसरी सोमवारी पर सिमरिया धाम से गंगाजल लेकर बड़ी संख्या में कांवरियों के बाबा हरिगिरि धाम पहुंचने की संभावना है. इसे देखते हुए पूरे कांवरिया पथ पर बैरिकेडिंग की गई है तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. ड्रोन कैमरे और सीसीटीवी के माध्यम से भीड़ की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी. उन्होंने पुलिसकर्मियों को अफवाह फैलाने वालों और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया. साथ ही भीड़ में किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचना देने को कहा.
कांवरियों की सुविधा के लिए लागू रहेगा ट्रैफिक प्लान
डीएसपी कुंदन कुमार ने बताया कि कांवरियों की सुविधा और सुगम आवागमन के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है. गढ़पुरा बस स्टैंड चौक से बाबा हरिगिरि धाम तक अनावश्यक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी. पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया गया कि कांवरियों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो. महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है. वहीं, किसी श्रद्धालु के परिजनों से बिछड़ने की स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए हेल्प डेस्क को सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया है.
24 घंटे मेडिकल कैंप और एंबुलेंस की रहेगी व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर स्वास्थ्य विभाग को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं. बाबा हरिगिरि धाम परिसर में 24 घंटे मेडिकल कैंप और एंबुलेंस की व्यवस्था रखने को कहा गया है. इसके अलावा कांवरिया पथ पर पेयजल, शौचालय और पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.
आस्था के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर जोर
ब्रीफिंग के दौरान एसडीएम और डीएसपी ने सुरक्षाकर्मियों से कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था और सुरक्षा दोनों का पूरा सम्मान करते हुए ड्यूटी करें. भीड़ के बीच संयम और संवेदनशीलता बनाए रखें तथा किसी भी श्रद्धालु को अनावश्यक परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखें. मौके पर बीडीओ अखिलेश्वर कुमार, इंस्पेक्टर राम कुमार सिंह, बीएओ ओमप्रकाश यादव, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रामप्रीत राम, थानाध्यक्ष राहुल कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी, दंडाधिकारी, होमगार्ड के जवान एवं अन्य कर्मी मौजूद थे.
Also Read : उत्तर कोयल नहर में पानी के बावजूद अंतिम छोर तक नहीं पहुंच रहा सिंचाई का पानी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










