Begusarai News : सनकी पति ने पत्नी को गला काटकर मार डाला, गन्ना काटने वाले हथियार से मार कर भागा
Published by : Rajeev Kumar Updated At : 21 May 2026 3:28 PM
मौके पर मौजूद भीड़।
Begusarai News: बेगूसराय के गढ़पुरा थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान एक पति ने अपनी पत्नी की गला काटकर हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.
Begusarai News : (शशिकांत प्रसाद वर्मा की रिपोर्ट) बेगूसराय जिले गढ़पुरा थाना क्षेत्र के कोरैय पंचायत के वार्ड संख्या 10 में गुरुवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना में पति ने अपनी ही पत्नी की गला काटकर हत्या कर दी. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और मातम का माहौल बन गया. मृतका की पहचान कोरैय निवासी अमित पंडित की करीब 40 वर्षीय पत्नी गायत्री देवी के रूप में की गई है.
घरेलू विवाद के दौरान हुई वारदात
जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे घर में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था. इसी दौरान अमित पंडित ने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी. मृतका की करीब दस वर्षीय पुत्री रुक्मिणी कुमारी जब अपनी मां को पिटते देखी तो घर से बाहर निकलकर शोर मचाने लगी.
गन्ना काटने वाले कत्ता से किया हमला
बच्ची की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तबतक आरोपी पति ने गन्ना काटने वाले कत्ता से पीछे से वार कर पत्नी का गला काट दिया. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
गन्ना खेत से आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही गढ़पुरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. इसके बाद बखरी डीएसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे और आसपास के लोगों तथा मृतका के बच्चों से पूछताछ की. इसी दौरान ग्रामीणों ने आरोपी के पास के एक गन्ना खेत में छिपे होने की सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ डीएसपी ने घेराबंदी कर गन्ना खेत से खदेड़कर आरोपी अमित पंडित को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस मामले की जांच में जुटी
डीएसपी ने बताया कि मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया गया है. वहीं आरोपी पति से पूछताछ की जा रही है. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने आपसी विवाद की बात कही है. पुलिस मामले के हर बिंदु पर जांच करते हुए आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.
Also Read: Begusarai News: तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से साइकिल सवार छात्र की मौत; आक्रोशित लोगों ने दो को दबोचा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










