अलग-अलग जगहों पर ठनके की चपेट में आने से युवक व युवती की मौत

थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में ठनका की चपेट में आने से एक युवक व एक युवती की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी.
भगवानपुर. थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में ठनका की चपेट में आने से एक युवक व एक युवती की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं शव को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ गयी. मृतक की पहचान जोकिया पंचायत के तेलन गांव निवासी तारकेश्वर तांती की करीब 19 वर्षीय पुत्री सरस्वती कुमारी व नौला पंचायत के गारा गांव स्थित वार्ड संख्या चार निवासी रामबाबू पासवान के करीब 32 वर्षीय पुत्र कृष्णमुरारी पासवान के रूप में हुई. उक्त घटना के बाद दोनों मृतक के परिजनों के रुदन व कन्द्रन से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया. बताया जाता है कि तेलन गांव स्थित पैक्स गोदाम के पीछे खेत के रास्ते से सरस्वती कुमारी अपने घर की ओर आ रही थी कि इसी क्रम में ठनका गिरने से घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी. वहीं गारा गांव में भी कृष्णमुरारी पासवान अपने घर से खाना खा कर खेत के तरफ जा रहा था कि अचानक ठनका गिरने से उसका भी मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. ग्रामीणों द्वारा आनन फानन में स्थानीय चिकित्सकों के पास इलाज के लिए ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद मृतक कृष्णमुरारी की मां उर्मिला देवी व पत्नी कंचन देवी सहित उसके परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया था. वहीं पिता रामबाबू पासवान भी बेसुध पड़े थे. मृतक को दो पुत्र व एक पुत्री है. मृतक मजदूरी करके अपने परिवार का भरण पोषण करता था. घटना के बाद तीन अबोध बच्चे व एक विधवा महिला के ऊपर एक बड़ी संकट का पहाड़ टूट पड़ा. उसके भरण पोषण समाज के लिए एक यक्ष प्रश्न बन गया. वहीं दूसरी ओर तेलन गांव में मृतक सरस्वती कुमारी की मां बबिता देवी के चीख व चीत्कार से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया. मृतक बबिता दो भाई व बहन में मंझली की थी. वहीं इसकी जानकारी मिलते ही जोकिया मुखिया रजनीश कुमार, पंसस कृष्ण कुमार, पैक्स अध्यक्ष रामशंकर सिंह आदि ने घटनास्थल पर पहुंच कर ऊक्त घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता देने की मांग किया. वहीं इसकी सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष चंदन कुमार, एसआई शोभा कुमार, अमरदान तिग्गा अपने पुलिस बल के साथ दोनों घटनास्थल पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम हेतु सदर अस्पताल भेज दिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




