जिप अध्यक्ष की कुर्सी सुरक्षित, अविश्वास प्रस्ताव पर बैठक बुलाने वाले जिप सदस्य रहे अनुपस्थित

जिप अध्यक्ष की कुर्सी सुरक्षित, अविश्वास प्रस्ताव पर बैठक बुलाने वाले जिप सदस्य रहे अनुपस्थित
जिप सदस्यों की अनुपस्थिति के बाद अविश्वास प्रस्ताव को किया गया निरस्त बांका.
जिला परिषद अध्यक्ष राजेंद्र यादव की कुर्सी सुरक्षित रह गयी. अविश्वास प्रस्ताव को लेकर विशेष बैठक बुलाने वाले सभी जिप सदस्य बैठक से गैर हाजिर रहे. इस वजह से यह अविश्वास प्रस्ताव अस्वीकृत हो गया. जानकारी के मुताबिक समाहरणालय सभागार में शनिवार को अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए विशेष बैठक आयोजित की गयी थी. इस संबंध में डीडीसी सह जिला परिषद मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी उपेंद्र सिंह ने बताया कि बैठक का समय सुबह 11 बजे निर्धारित था, लेकिन अविश्वास प्रस्ताव का आवेदन देने वाले 18 में से कोई भी जिप सदस्य उपस्थित नहीं हुए. जिप सदस्यों का अतिरिक्त एक घंटा यानी 12 बजे तक प्रतीक्षा की गयी. इसके बावजूद संबंधित सदस्य के नहीं पहुंचने पर इस प्रस्ताव को विचार योग्य नहीं समझा गया और इसे निरस्त कर दिया गया. हालांकि जिप अध्यक्ष राजेंद्र यादव बैठक में उपस्थित थे, लेकिन चर्चा के लिए अन्य सदस्य नदारद रहे. वहीं दूसरी ओर जिला परिषद अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव बगैर चर्चा के ही गिरने के बाद उनके समर्थकों ने जश्न मनाया. बैठक से बाहर निकलने के बाद उनका जोरदार स्वागत किया गया. साथ ही जिला परिषद कार्यालय में फूलमाला पहनाकर उनका अभिवादन किया गया.18 सदस्यों ने जिप अध्यक्ष के खिलाफ दिया था आवेदन
गत 17 मार्च को पूर्व जिप सह जिप सदस्य अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में 18 जिला परिषद सदस्यों के प्रतिनिधि मंडल ने जिला परिषद अध्यक्ष राजेंद्र यादव को ही उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव से संबंधित आवेदन जिला परिषद कार्यालय में समर्पित किया था. जिप सदस्यों ने मौजूदा जिप अध्यक्ष पर कई आरोप लगाये थे, जिसमें योजनाओं के स्वीकृति में सदस्यों के बीच भेद-भाव रखन, अपने पद का दुरुपयोग कर अपने परिजन को लाभ पहुंचाना इत्यादि शामिल थे. आवेदन पर संज्ञान लेते हुए जिप अध्यक्ष ने अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए 28 मार्च की तिथि घोषित करते हुए इसकी सूचना सभी जिप सदस्यों के साथ अधिकारियों को दे दी थी. इसी निर्णय के आलोक में शनिवार को विशेष बैठक बुलायी गयी थी.
इन्होंने दिया था अविश्वास प्रस्ताव के लिए आवेदन
मौजूदा अध्यक्ष के खिलाफ सुनील कुमार सिंह, प्रीतम कुमार साह, शारदा देवी, नीलम देवी, सिंपल देवी, विश्वजीत दीपांकर, गायत्री देवी, सुनील कुमार सिंह, बलजीत सिंह, सुजाता वैद्य, मुकेश कुमार सिंह, विभा देवी, दृष्टि कुमारी, मो. रफीक आलम, कल्पना कुमारी, मोना देवी, अंजना देवी, अंजु कुमारी व सोनी सिंह ने अविश्वास प्रस्ताव का आवेदन दिया था, लेकिन बाद में सभी मुकर गये.कहते हैं जिप अध्यक्ष
अविश्वास प्रस्ताव का आवेदन प्राप्त होने के बाद उन्होंने इस पर चर्चा के लिए 17 मार्च को ही 28 मार्च की तिथि निर्धारित करते हुए विशेष बैठक बुलायी थी. इस बीच वह बाहर थे. इस दौरान सभी जिप सदस्यों ने आपस में मंत्रणा कर कहा कि किसी के बहकावे में आकर सभी ने हस्ताक्षर किया था. सभी सदस्य बाद में उनके समर्थन में रहे और इसीलिए कोई भी जिप सदस्य विशेष बैठक में शामिल नहीं हुए. सभी के सहयोग से विकास का कार्य आगे भी जारी रहेगा.राजेंद्र यादव, जिप अध्यक्ष, बांकाB
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




