वार्ड पार्षदों ने फिर नपं की बैठक का किया बहिष्कार, होल्डिंग टैक्स में मनमानी का लगाया आरोप

वार्ड पार्षदों ने फिर नपं की बैठक का किया बहिष्कार,
अमरपुर. नगर पंचायत में इन दिनों प्रशासनिक मनमानी और वार्ड पार्षदों की अनदेखी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. होल्डिंग टैक्स वसूली में कथित अनियमितता और पार्षदों की उपेक्षा को लेकर पूरे नगर क्षेत्र में चर्चा तेज है. स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मार्च माह में आयोजित नगर पंचायत की मासिक बैठक का दो बार वार्ड पार्षदों ने खुलेआम बहिष्कार कर दिया. जिस कारण नगर पंचायत के विकास कार्य पूरी तरह प्रभावित हो रहे हैं. वार्ड पार्षदों ने कार्यपालक पदाधिकारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि योजनाएं बंद कमरे में पारित की जा रही हैं और पार्षदों को जानकारी तक नहीं दी जाती. वार्ड सात के पार्षद पंकज दास ने बताया कि 31 मार्च तक ब्याज माफी के साथ होल्डिंग टैक्स जमा करने का निर्देश था. बैठक में प्रस्ताव दिया गया था कि प्रत्येक वार्ड में शिविर लगाकर पार्षदों की मौजूदगी में टैक्स वसूली की जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे. उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रस्ताव को दरकिनार कर बिना पार्षदों की जानकारी के कार्यालय स्तर पर ही टैक्स वसूली शुरू कर दी गयी, जिसमें भ्रष्टाचार की आशंका है. पार्षदों का कहना है कि उन्हें किसी भी योजना की जानकारी नहीं दी जाती और मुख्य पार्षद की मिली भगत से योजनाएं संचालित की जा रही हैं. पार्षदों ने यह भी कहा कि ऐसी स्थिति में वे अपने-अपने वार्ड में जनता का सामना करने में असहज महसूस कर रहे हैं. जब तक उन्हें सम्मान और योजनाओं में भागीदारी नहीं दी जाएगी, वे बैठकों में शामिल नहीं होंगे. मामले को लेकर कार्यपालक पदाधिकारी अनुराग कुमार ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि कई बार पार्षदों से संवाद स्थापित करने का प्रयास किया गया. लेकिन कोई भी पार्षद बात करने को तैयार नहीं है. उन्होंने बताया कि सोमवार की बैठक में बजट पर चर्चा और विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जानी थी. लेकिन पार्षदों के बहिष्कार से यह संभव नहीं हो सका. उन्होंने पार्षदों से अपील की कि वे आपसी मतभेद को भूलकर विकास कार्यों में सहयोग करें, ताकि अमरपुर को एक आदर्श नगर पंचायत के रूप में विकसित किया जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




