कचरा डंपिंग जोन में लगी आग से फैला जहरीला धुआं

प्रखंड कार्यालय से कुछ ही दूरी पर नगर पंचायत द्वारा बनाए गए अस्थायी कचरा डंपिंग जोन में शुक्रवार की देर रात आग लगने से उठे धुएं ने आसपास के लोगों की परेशानी बढ़ा दी.
नगर पंचायत की लापरवाही से परेशान स्थानीय लोग
बौंसी. प्रखंड कार्यालय से कुछ ही दूरी पर नगर पंचायत द्वारा बनाए गए अस्थायी कचरा डंपिंग जोन में शुक्रवार की देर रात आग लगने से उठे धुएं ने आसपास के लोगों की परेशानी बढ़ा दी. देर रात कचरे में लगी आग से उठे जहरीले धुएं के कारण स्थानीय लोगों को सांस लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा. जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत द्वारा पिछले कई महीनों से नगर क्षेत्र का कूड़ा-कचरा प्रखंड कार्यालय के पास स्थित अस्थायी स्थान पर ही जमा किया जा रहा है. हैरानी की बात यह है कि करीब तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी नगर पंचायत स्थायी कचरा डंपिंग जोन बनाने में असफल रही है.स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस जगह पर अक्सर कचरे में आग लगा दी जाती है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को गंभीर परेशानी झेलनी पड़ती है. जहरीले धुएं से लोगों का घरों में रहना भी मुश्किल हो जाता है और स्वास्थ्य पर भी इसका बुरा असर पड़ रहा है. इस मामले को लेकर स्थानीय निवासी योग गुरु मुकेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपनी नाराजगी जाहिर की है. उन्होंने लिखा कि नगर पंचायत बौंसी लोगों के जान-माल और स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रही है. उनके अनुसार, उनके घर के नजदीक कचरा जमा किया जाता है और उसमें आग लगा दी जाती है, जिससे लोगों को सांस लेने में काफी दिक्कत हो रही है. मुकेश यादव ने बांका जिला प्रशासन और बिहार सरकार से मामले में हस्तक्षेप कर लोगों के जान-माल और स्वास्थ्य की रक्षा करने की मांग की है. वहीं स्थानीय लोग भी जल्द से जल्द स्थायी कचरा डंपिंग जोन बनाने और इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग कर रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




