अवैध संबंध के संदेह में सनकी पति ने गड़ासा से प्रहार कर पत्नी को मौत के घाट उतारा

Updated at : 04 Sep 2025 9:44 PM (IST)
विज्ञापन
अवैध संबंध के संदेह में सनकी पति ने गड़ासा से प्रहार कर पत्नी को मौत के घाट उतारा

थाना क्षेत्र के कोल बुजुर्ग गांव से बुधवार की देर रात दिल दहला देने वाली घटना प्रकाश में आई है. एक सनकी पति ने अन्य लोगों के साथ अपनी 55 वर्षीय पत्नी को अवैध संबंध के संदेह में गड़ासा से प्रहार कर मौत के घाट उतार दिया

विज्ञापन

अमरपुर. थाना क्षेत्र के कोल बुजुर्ग गांव से बुधवार की देर रात दिल दहला देने वाली घटना प्रकाश में आई है. एक सनकी पति ने अन्य लोगों के साथ अपनी 55 वर्षीय पत्नी को अवैध संबंध के संदेह में गड़ासा से प्रहार कर मौत के घाट उतार दिया. मृतका खुर्द कोल निवासी अनिल राम की 55 वर्षीय पत्नी गुड़िया देवी थी. मामले को लेकर मृतका के परिजनों ने बताया कि बुधवार की देर रात मृतका के पुत्र अपने-अपने घर में सोये हुए थे, तभी दूसरे कमरे से महिला के चिल्लाने की आवाज आई, जिसे सुनकर महिला के पुत्र भागकर उस कमरे में पहुंचे तो देखा कि अनील राम खुन से सना गड़ासा लेकर भाग रहा है. आनन-फानन में महिला के परिजनों ने जख्मी अवस्था में महिला को उपचार के लिए रेफरल अस्पताल लेकर आये. जहां डॉ दिवाकर सिंह ने महिला की जांच कर उन्हें मृत घोषित कर दिया. मामले की सूचना अस्पताल कर्मियों ने थाना में दी. करीब आठ से दस घंटे के बाद अमरपुर थाना से दारोगा मुकेश कुमार, दारोगा संजय कुमार गुप्ता पुलिस बलों के साथ अस्पताल परिसर पहुंचे और मृतक परिजनों के बयान को कलमबद्ध कर शव का पंचनामा कर पुलिस अभिरक्षा में पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया. उधर दूसरी तरफ घटना के बाद मृतका के मोहल्ले में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. ग्रामीणों ने बताया कि मृतका का पति अनिल राम कोलकाता में रहता था. एक साल पुर्व वह अपने गांव खुर्दकोल आया था. विगत दो महीने से मृतका का पति अलग रहकर अपना जीवन यापन कर रहा था. उन्हें अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था. मृतका को चार पुत्र एवं एक पुत्री है, जिसमें दो पुत्र का विवाह हो चुका है. थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा ने बताया कि मामले की सघनता से जांच की जा रही है. फिलवक्त मृतका के परिजनों के बयान को कलमबद्ध कर पुलिस अभिरक्षा में शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया गया है. मृतका के परिजनों द्वारा आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जायेगी. पहली पत्नी की गला दबाकर हत्या कर शव को नदी के बालू में दफनाया आनंदपुर के अमजोरा गांव की घटना, आरोपी पति फरार, दूसरी पत्नी को पुलिस ने किया गिरफ्तार कटोरिया. आनंदपुर थाना अंतर्गत अमजोरा गांव में बुधवार की देर रात्रि पति ने पहली पत्नी की गला दबाकर निर्मम हत्या के बाद शव को नदी के बालू में दफना दिया. मृतका की पहचान अमजोरा गांव निवासी शिवचरण दास की पहली पत्नी सावित्री देवी (35वर्ष) के रूप में है. पत्नी को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी पति घर छोड़कर फरार हो गया. इधर, घटना की सूचना के उपरांत गोरियाडीह गांव से मृतका के मायके के लोग अमजोरा पहुंचे और आनंदपुर थाना की पुलिस टीम के साथ खोजबीन शुरू की. इसी क्रम में अमजोरा गांव से करीब दो किलोमीटर दूर बड़ुआ नदी के सती घाट में बालू के नीचे से मृतका सावित्री देवी का शव बरामद हुआ. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिवचरण दास की दूसरी पत्नी पूजा देवी को गिरफ्तार कर लिया है. मुख्य आरोपित सह मृतका के पति की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है. आनंदपुर थानाध्यक्ष बिपिन कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया है. मृतका के भाई हुरो दास के बयान पर आनंदपुर थाना में हत्या का केस दर्ज किया गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवचरण दास अपनी पहली पत्नी सावित्री देवी को हमेशा प्रताड़ित करता था. उसे घर का खर्च भी नहीं देता था. वह खुद से मजदूरी कर अपना भरण-पोषण करती थी. पंद्रह वर्षीय पुत्र ब्रम्हदेव दास भी मजदूरी करने सूरत गया है. करीब आठ वर्ष पहले शिवचरण दास ने पूजा देवी से दूसरी शादी कर ली. जिसमें दो बच्चे भी हैं. बुधवार की रात्रि घर व मुहल्ले के सभी लोग करमा-धरमा पर्व मनाने में व्यस्त थे. इसी का फायदा उठाते हुए शिवचरण दास ने अपनी पहली पत्नी को मारपीट कर व गला दबाकर मार डाला. फिर करीब दो किलोमीटर स्थित सती घाट में बालू के नीचे शव दफनाकर वह फरार हो गया. ग्रामीणों की सूचना पर गोरियाडीह स्थित मायके से पहुंचे परिजनों ने सावित्री देवी की खोजबीन शुरू की. जिसका शव बालू के नीचे से बरामद हुआ. यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
SHUBHASH BAIDYA

लेखक के बारे में

By SHUBHASH BAIDYA

SHUBHASH BAIDYA is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन