जिंदगी और मौत से लड़ रहा मुखिया का जख्मी पुत्र

Updated at : 16 Mar 2026 7:42 PM (IST)
विज्ञापन
जिंदगी और मौत से लड़ रहा मुखिया का जख्मी पुत्र

शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र के करसोप पंचायत की मुखिया मीना कुमारी के पुत्र गौतम कुमार पर हुए जानलेवा हमले के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है.

विज्ञापन

शंभुगंज. शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र के करसोप पंचायत की मुखिया मीना कुमारी के पुत्र गौतम कुमार पर हुए जानलेवा हमले के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. गंभीर रूप से घायल गौतम कुमार फिलहाल भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है. जानकारी के अनुसार, तीन दिन पूर्व गौतम कुमार अपनी मां करसोप पंचायत की मुखिया मीना कुमारी के साथ केहनीचक गांव में संवेदक द्वारा बना रहे पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण करने पहुंचे थे. इसी दौरान वहां मौजूद गांव के कुछ लोगों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि केहनीचक गांव के चार लोगों ने मिलकर गौतम कुमार पर धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला कर दिया. हमले में गौतम कुमार गंभीर रूप से जख्मी होकर घटनास्थल पर ही गिर पड़े. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल को इलाज के लिए सीएचसी शंभुगंज लाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया. घटना के बाद से ही गौतम कुमार का इलाज भागलपुर में चल रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई हैं. इस घटना को लेकर पीड़ित पक्ष में आक्रोश देखा जा रहा है. घटना के संबंध में घायल की मां एवं करसोप पंचायत की मुखिया मीना कुमारी ने थाने में चार लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है. मुखिया ने आरोप लगाया है कि उनके पुत्र पर सुनियोजित तरीके से जानलेवा हमला किया गया है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी सक्रिय हो गयी है. थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद ने बताया कि मुखिया की ओर से दर्ज शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. जल्द ही आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जायेगी.

विज्ञापन
SHUBHASH BAIDYA

लेखक के बारे में

By SHUBHASH BAIDYA

SHUBHASH BAIDYA is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन