घरेलू विवाद के बाद घर से निकली महिला का कुएं में मिला शव, बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 17 May 2026 11:03 AM
विज्ञापन
Banka News : बेलहर थाना क्षेत्र के बेला गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब बहियार स्थित एक मिट्टी के कुएं से तीन दिनों से लापता महिला सुनीता देवी का सड़ी-गली शव बरामद हुआ. घरेलू विवाद के बाद महिला घर से गायब हो गई थी. शव मिलने के बाद गांव में मातम का माहौल है, जबकि मृतका के बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
विज्ञापन
बेलहर (बांका) से अभय कुमार ”सोनू” की रिपोर्ट:
बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेला गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब गांव के बहियार स्थित एक मिट्टी के कुएं से एक महिला का सड़ी-गली शव बरामद हुआ. मृतका की पहचान गांव निवासी मुकेश यादव की पत्नी सुनीता देवी उर्फ मैनमा देवी (28) के रूप में हुई है. महिला पिछले तीन दिनों से घर से लापता थी. शव मिलने के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है.जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह गांव के बाराटाड़ भगत बहियार में शौच के लिए गए थे. इसी दौरान मिट्टी के कुएं से तेज दुर्गंध आने पर उन्होंने पास जाकर देखा. कुएं के पानी में एक महिला का शव तैर रहा था. यह खबर कुछ ही देर में पूरे गांव में फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई.पति-पत्नी के झगड़े के बाद घर से चली गई थी महिला
ग्रामीणों के मुताबिक, तीन-चार दिन पहले घरेलू विवाद को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था. विवाद के बाद सुनीता देवी घर से निकल गई थीं और फिर वापस नहीं लौटीं. परिवार और ग्रामीण उनकी तलाश कर रहे थे.रविवार को बहियार के मिट्टी के कुएं में शव मिलने के बाद लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. शव काफी सड़ी-गली अवस्था में था. जिससे माना जा रहा है कि महिला की मौत कई दिन पहले हो चुकी थी.पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा. फॉरेंसिक जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही बेलहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया गया.थानाध्यक्ष दिनेश कुमार वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. हालांकि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है. पुलिस ने फॉरेंसिक जांच भी शुरू करा दी है ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके.
मां की मौत से टूट गए बच्चे
घटना के बाद मृतका के बच्चों मधु कुमारी. दिलखुश कुमार और नेहा कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग इस घटना से स्तब्ध हैं.स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार में पहले भी विवाद की बातें सामने आती रही थीं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










