बांग्ला सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, गूंजा हर-हर महादेव

बाबुटोला स्थित महादेव मंदिर | Prabhat Khabar Network
बांका में बांग्ला सोमवारी के अवसर पर शिव मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली. श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ति के लिए भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया. मंदिरों में भक्तिमय माहौल रहा.
बांका : बांग्ला सोमवारी के अवसर पर शहर सहित जिले भर के विभिन्न शिव मंदिरों में भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के लिए सोमवार सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ण होने की कामना की. कई मंदिरों में भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का भी आयोजन किया गया.
शहर के भयहरण स्थान, पंचमुखी मंदिर, अमरपुर के प्रसिद्ध ज्येष्ठगौरनाथ मंदिर, बाराहाट के गोड़धुआ मंदिर तथा धोरैया के धनकुंड शिव मंदिर सहित जिले के प्रमुख शिवालयों में बांग्ला सोमवारी के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई. सभी मंदिरों के पट सुबह 5 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए. इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिवलिंग का दूध और पंचामृत से अभिषेक किया गया तथा श्रद्धालुओं ने जलार्पण कर पूजा-अर्चना की.
मंदार स्थित मधुसूदन मंदिर में भी बांग्ला सोमवारी के अवसर पर विशेष पूजा का आयोजन किया गया. मंदिर के पुजारी ने बताया कि यहां दिनभर श्रद्धालुओं के दर्शन और पूजा की व्यवस्था रही. सुबह 7:30 बजे पुजारी बिंदेश्वरी उर्फ पटल झा एवं लक्ष्मण झा ने भगवान का पंचामृत से अभिषेक किया. दोपहर 12 बजे भोग लगाया गया. इसके बाद दोपहर 1 बजे मंदिर के पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोले गए. शाम 6 बजे भगवान का विशेष श्रृंगार कर भव्य आरती की गई तथा रात 7 बजे मंदिर के पट बंद कर दिए गए.
बांग्ला सोमवारी को लेकर सभी प्रमुख मंदिरों में सुरक्षा और व्यवस्था के भी विशेष इंतजाम किए गए थे. दिनभर शिवालयों में "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा.
यह भी पढ़ें : परिवहन लागत बढ़ने से बांका मंडी पर असर, आलू-प्याज में उतार-चढ़ाव जारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By चंदन कुमार
चंदन कुमार बांका में प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










