रामचंद्रपुर इटहरी में प्रशासन का बुलडोजर चला, नाला निर्माण में बाधा बने 28 अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई

Updated:
विज्ञापन
फोटो:ईटहरी गांव में अतिक्रमण हटाते पदाधिकारी गण | Prabhat Khabar Network

फोटो: ईटहरी गांव में अतिक्रमण हटाते हुए | Prabhat Khabar Network

सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर प्रशासन ने रामचंद्रपुर इटहरी गांव में बुलडोजर चलाया. नाला निर्माण में बाधा बन रहे 28 अतिक्रमणकारियों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है. यह अभियान तीन दिनों तक चलेगा.

विज्ञापन

Encroachment Action: अमरपुर प्रखंड के बल्लिकित्ता पंचायत अंतर्गत रामचंद्रपुर इटहरी गांव में सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए सोमवार को प्रशासन ने बुलडोजर चलाया. दोपहर में अंचलाधिकारी आकाशदीप सिन्हा, थानाध्यक्ष राकेश कुमार, मनरेगा पीओ और भारी पुलिस बल के साथ जेसीबी लेकर गांव पहुंचे. प्रशासनिक टीम को देखकर गांव में अफरा-तफरी मच गई. इसके बाद जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण हटाने का अभियान शुरू किया गया.

नाला निर्माण में बाधा बने 28 अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई

अंचलाधिकारी आकाशदीप सिन्हा ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर अरुण यादव, फंटूस यादव, अमरेंद्र यादव, लालधारी यादव, फोटो यादव समेत कुल 28 अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है. उन्होंने बताया कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के कारण गांव में नाला निर्माण का कार्य लंबे समय से रुका हुआ था, जिससे लोगों के घरों का गंदा पानी मुख्य सड़क पर बहता था और जलजमाव की गंभीर समस्या बनी हुई थी.

तीन दिनों तक चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान

प्रशासन के अनुसार अतिक्रमण हटाने का अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा. अगले तीन दिनों तक लगातार कार्रवाई जारी रहेगी. प्रशासन का उद्देश्य सरकारी भूमि को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कर नाला निर्माण का रास्ता साफ करना है.

मापी के बाद हुई अतिक्रमणकारियों की पहचान

सीओ ने बताया कि पूर्व में जिला प्रशासन के निर्देश पर सरकारी भूमि की मापी कराई गई थी. मापी के दौरान 28 लोगों द्वारा सरकारी जमीन पर अतिक्रमण किए जाने की पुष्टि हुई. इसके बाद विधिसम्मत प्रक्रिया पूरी कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई.

सहमति पत्र देने का निर्देश

Encroachment Action: प्रशासन ने सभी संबंधित लोगों को नाला निर्माण के लिए लिखित सहमति पत्र अंचल कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया है. अधिकारियों का कहना है कि इससे गांव में वर्षों से चली आ रही जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा.कार्रवाई के दौरान अंचल सीआई राजेश कुमार झा, राजस्व कर्मचारी शिवानंद कुमार, दारोगा मुकेश कुमार, अमीन मधुलता कुमारी, रिया कुमारी, मधु कुमारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल और ग्रामीण मौजूद रहे.


विज्ञापन
प्रीतम कुमार

लेखक के बारे में

By प्रीतम कुमार

प्रीतम कुमार प्रिंट माध्यम में 12 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं. अमरपुर (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन