कांवरिया पथ पर 15 सूचना केंद्रों ने बिछड़े श्रद्धालुओं को अपनों से मिलाया, 24 घंटे मिल रही सहायता
फोटो- परिजनों के बीच कांवरिया | Prabhat Khabar Network
श्रावणी मेले 2026 के दौरान, कच्ची कांवरिया पथ पर स्थापित 15 सूचना केंद्र श्रद्धालुओं को 24 घंटे सहायता प्रदान कर रहे हैं. ये केंद्र बिछड़े हुए लोगों को उनके परिजनों से मिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं.
कटोरिया (बांका). श्रावणी मेला 2026 के दौरान कांवरिया श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डीएम अंशुल अग्रवाल के निर्देश पर कच्ची कांवरिया पथ पर 15 सूचना केंद्र स्थापित किए गए हैं. इन केंद्रों से चौबीस घंटे श्रद्धालुओं को सहायता दी जा रही है और बिछड़े लोगों को अनाउंसमेंट के माध्यम से उनके परिजनों एवं साथियों से मिलाने का प्रयास किया जा रहा है.
सुईया सूचना केंद्र ने मां को बेटे से मिलाया
सुईया सूचना केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार छपरा निवासी लखपति देवी यात्रा के दौरान अपने पुत्र संजय राय से बिछड़ गई थीं. सूचना केंद्र की ओर से लगातार अनाउंसमेंट कराया गया. इसके बाद लखपति देवी और उनके पुत्र संजय राय की मुलाकात करा दी गई.
शिवलोक केंद्र से चाचा-भतीजा मिले
शिवलोक सूचना केंद्र के माध्यम से भागलपुर निवासी अभिनंदन मंडल अपने करीब 15 वर्षीय भतीजे से बिछड़ गए थे. सूचना केंद्र की टीम ने लगातार अनाउंसमेंट कराया, जिसके बाद दोनों एक-दूसरे से संपर्क कर सके और उन्हें सकुशल मिला दिया गया.
तीन दिन से बिछड़े साथियों को दुम्मा बॉर्डर पर मिलाया
दुम्मा बॉर्डर सूचना केंद्र पर कैमूर (भभुआ) निवासी लव कुश कुमार राय अपने साथी जयप्रकाश राय से पिछले तीन दिनों से बिछड़े हुए थे. सूचना केंद्र की टीम ने पुलिस बल के साथ मिलकर दोनों की तलाश शुरू की. संयुक्त प्रयास से दोनों साथियों को एक-दूसरे से मिला दिया गया.
24 घंटे श्रद्धालुओं की मदद में जुटे सूचना केंद्र
कांवरिया पथ पर स्थापित सूचना केंद्र श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी और सहायता उपलब्ध कराने के साथ बिछड़े लोगों को मिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. अनाउंसमेंट के माध्यम से श्रद्धालुओं तक सूचना पहुंचाई जा रही है, जिससे मेले के दौरान परिजनों और साथियों से बिछड़ने वाले लोगों को समय पर मदद मिल रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपक चौधरी
दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









