पटना की निगरानी टीम ने एसडीओ को 20 हजार घूस लेते रजौन विद्युत कार्यालय से किया गिरफ्तार
Published by : BIBHANSHU KUMAR Updated At : 01 Jun 2026 7:23 PM
पटना निगरानी (विजिलेंस) विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के एसडीओ विजेंद्र कुमार को 20 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया.
कमर्शियल कनेक्शन के बदले ले रहा था घूस
विजिलेंस की 10 सदस्यीय टीम ने की कार्रवाई
बांका/रजौन. रजौन ब्लॉक स्थित विद्युत सब स्टेशन कार्यालय में सोमवार को पटना निगरानी (विजिलेंस) विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के एसडीओ विजेंद्र कुमार को 20 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद 10 सदस्यीय विजिलेंस टीम उन्हें अपने साथ पटना लेकर रवाना हो गयी. इस कार्रवाई से बिजली विभाग सहित अन्य सभी सरकारी कार्यालयों में हड़कंप मच गया है. जानकारी के अनुसार, धोरैया थाना क्षेत्र के घसिया गांव निवासी मनोज यादव के घर में घरेलू बिजली कनेक्शन था. उनके घर में एक छोटी किराना दुकान भी संचालित होती थी, जहां बिजली का उपयोग किया जा रहा था. आरोप है कि जांच के दौरान एसडीओ विजेंद्र कुमार ने दुकान में बिजली उपयोग को लेकर कमर्शियल कनेक्शन लेने की बात कही और कार्रवाई नहीं करने के एवज में दो लाख रुपये की मांग की. बाद में बातचीत के दौरान मामला 30 हजार रुपये में तय हुआ.
मनोज यादव ने की थी निगरानी विभाग से शिकायत
मनोज यादव ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग पटना से की. शिकायत की सत्यता की जांच के बाद विजिलेंस विभाग की टीम ने जाल बिछाया. सोमवार को दोपहर बाद करीब 3:30 बजे रजौन विद्युत कार्यालय में मनोज यादव जैसे ही एसडीओ को 20 हजार रुपये दे रहे थे, पहले से मौजूद विजिलेंस टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया. यह कार्रवाई विजिलेंस विभाग के डीएसपी सत्येंद्र राम के नेतृत्व में की गयी. टीम में पुलिस निरीक्षक राधे श्याम राय, आश्वित कुमार, अवर निरीक्षक शशिकांत कुमार, राहुल कुमार, रंधीर सिंह, पंकज कुमार सहित अन्य शामिल थे. गिरफ्तारी के बाद टीम ने कार्यालय में आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की और आरोपी एसडीओ को अपने साथ पटना ले गयी. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. बताया जा रहा है कि निगरानी की कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद सभी कर्मी कार्यालय के पिछले दरवाजे से निकलकर फरार हो गए. फिलवक्त कार्यालय में ताला लगा हुआ है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










