सफाई कर्मियों की बैठक में गंभीर समस्याओं पर हुई चर्चा

Published by : SHUBHASH BAIDYA Updated At : 03 Feb 2026 7:20 PM

विज्ञापन

राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस के तत्वावधान में कामगार सूचना संहिता केंद्र एवं बौंसी नगर पंचायत कर्मचारी संघ के बैनर तले सफाई कर्मी मजदूरों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी.

विज्ञापन

बौंसी. राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस के तत्वावधान में कामगार सूचना संहिता केंद्र एवं बौंसी नगर पंचायत कर्मचारी संघ के बैनर तले सफाई कर्मी मजदूरों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. मंगलवार को आयोजित बैठक में मुख्य रूप से इंटक के जिलाध्यक्ष विनय कुमार कापरी मौजूद थे. बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार ने की. बैठक में सफाई कर्मियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गयी. इस दौरान नगर पंचायत बौंसी की महिला सफाई कर्मियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नगर पंचायत के कुछ पदाधिकारी उन्हें नौकरी से हटाने की धमकी दे रहे हैं. इस पर उपस्थित सभी सफाई कर्मियों ने एकजुटता दिखाते हुए चेतावनी दी कि यदि किसी भी महिला कर्मी को हटाया गया तो सभी सफाई कर्मचारी हड़ताल पर जायेंगे और आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पंचायत प्रशासन की होगी. बैठक में एक अन्य गंभीर मुद्दों पर भी चर्चा हुई. बताया गया कि मंदार महोत्सव के दौरान सफाई कार्य करते समय मोहम्मद जाहिद (पिता मैक्स अंसारी), वार्ड 12, निवासी कृषि प्रदर्शनी परिसर के समीप, दुर्घटनाग्रस्त हो गये थे. गिरने से उनके पैर और कमर की हड्डी टूट गयी, लेकिन घटना के बावजूद अब तक नगर पंचायत द्वारा उन्हें कोई मुआवजा नहीं दिया गया है. जानकारी दी गयी कि मोहम्मद जाहिद अपने परिवार में चार बेटियों, दो बेटों, पत्नी और वृद्ध मां के एकमात्र कमाऊ सदस्य हैं. मुआवजा नहीं मिलने के कारण उनका परिवार भुखमरी की स्थिति में पहुंच गया है. मामले की जानकारी मिलते ही जिलाध्यक्ष, नगर पंचायत कर्मचारी संघ अध्यक्ष, उपाध्यक्ष गौतम कुमार, महामंत्री प्रवीण हरिजन, कोषाध्यक्ष पंकज कुमार सहित अन्य पदाधिकारी पीड़ित के आवास पर पहुंचे और परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी. साथ ही हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया गया. इसके अलावा संयुक्त ट्रेड यूनियन के आह्वान पर 12 फरवरी को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल को सफल बनाने की अपील भी की गयी. बैठक में सचिन, दीपक कुमार, झूठों देवी, पूनम देवी, प्रियंका देवी सहित बड़ी संख्या में सफाई कर्मी मजदूर मौजूद थे.

विज्ञापन
SHUBHASH BAIDYA

लेखक के बारे में

By SHUBHASH BAIDYA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन