बांका के मरीजों को राहत: बौसी में खुला प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र, अब 50 से 90% तक सस्ती मिलेंगी दवाइयां

जन औषधि केंद्र का फीता काटकर उद्घाटन करते रेफरल प्रभारी व अस्पताल प्रबंधक. | Prabhat Khabar Network
Jan Aushadhi Kendra : बौसी प्रखंड के लोगों को मिली बड़ी राहत! प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का शुभारंभ हो गया है, जिससे अब मरीजों को बाजार से काफी कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाइयां उपलब्ध होंगी. यह केंद्र 50 से 90 प्रतिशत तक सस्ती दवाएं देगा.
Jan Aushadhi Kendra : बौसी प्रखंड के लोगों के लिए बुधवार का दिन राहत भरा रहा. रेफरल अस्पताल के समीप भारतीय जन औषधि परियोजना के तहत प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का शुभारंभ किया गया. इस केंद्र के खुलने से मरीजों को अब बाजार की तुलना में काफी कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाइयां उपलब्ध हो सकेंगी.
रेफरल अस्पताल के पास शुरू हुई नई सुविधा
प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का उद्घाटन रेफरल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार और अस्पताल प्रबंधक अमित कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. उद्घाटन समारोह में केंद्र के प्रोपराइटर सुमित कुमार ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया. इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे.
कम कीमत पर मिलेगी गुणवत्तापूर्ण दवा
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है. इसका उद्देश्य गरीब और मध्यम वर्ग के मरीजों को कम कीमत पर उच्च गुणवत्ता वाली जेनेरिक दवाइयां उपलब्ध कराना है. उन्होंने कहा कि अस्पताल के समीप केंद्र खुलने से मरीजों को उपचार के दौरान आवश्यक दवाइयां आसानी से और किफायती दरों पर मिल सकेंगी.
50 से 90 प्रतिशत तक सस्ती होंगी दवाइयां
केंद्र के प्रोपराइटर सुमित कुमार ने बताया कि यहां बाजार मूल्य की तुलना में 50 से 90 प्रतिशत तक कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाइयां उपलब्ध रहेंगी. उनका कहना है कि आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए सस्ती और विश्वसनीय दवाएं उपलब्ध कराना केंद्र का मुख्य उद्देश्य है.
दवाओं के साथ सर्जिकल सामग्री भी मिलेगी
उन्होंने बताया कि केंद्र पर विभिन्न प्रकार की आवश्यक जेनेरिक दवाओं के अलावा सर्जिकल उपकरण और स्वास्थ्य संबंधी अन्य जरूरी सामग्री भी उपलब्ध रहेगी. भविष्य में जरूरत के अनुसार दवाइयों और चिकित्सा सामग्री की संख्या भी बढ़ाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक मरीजों को इसका लाभ मिल सके.
उद्घाटन समारोह में शिक्षक अश्विनी कुमार पाठक, साहिल कुमार, आदित्य कुमार, प्रीतम तिवारी, रोहित कुमार, संजीव चौधरी उर्फ पिंटू, अमित चौधरी, सोनू ठाकुर, राजीव कुमार सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे. उपस्थित लोगों ने क्षेत्र में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खुलने को आम जनता के लिए बड़ी सौगात बताते हुए खुशी जताई.
ये भी पढ़ें : श्रावणी मेला 2026 : शिवभक्तों के स्वागत को बांका तैयार, 25 जुलाई तक कांवरिया पथ पर पूरी होंगी सभी तैयारियां
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संजीव कुमार
संजीव कुमार पाठक प्रिंट माध्यम में 18 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बौंसी (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










