अमरपुर के डुबौनी गांव में कटखने बंदर का आतंक, महिला समेत पांच लोग घायल

गांव में मौजूद जख्मी. | Prabhat Khabar Network
Amarpur News : बांका जिले के अमरपुर प्रखंड के डुबौनी गांव में एक कटखने बंदर ने आतंक मचा दिया. इस हमले में महिला सहित पांच ग्रामीण घायल हो गए हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है और वन विभाग से बंदर को पकड़ने की गुहार लगाई जा रही है.
Amarpur News: बांका जिले के अमरपुर प्रखंड अंतर्गत विशनपुर पंचायत के डुबौनी गांव में बुधवार सुबह एक कटखने बंदर ने महिला समेत पांच लोगों पर हमला कर दिया. सभी घायलों का इलाज बांका सदर अस्पताल में कराया गया. घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल है.
एक के बाद एक पांच लोगों पर किया हमला
घायल संजय मंडल ने बताया कि बुधवार सुबह वह अपने घर के समीप बैठा था. तभी अचानक एक कटखने बंदर ने उस पर हमला कर दिया. जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, बंदर ने अन्य ग्रामीणों पर भी हमला बोल दिया. इस हमले में संजय मंडल, अहिल्या देवी, महेंद्र मंडल, निशा कुमारी और रीता देवी घायल हो गए.
सदर अस्पताल में कराया गया इलाज
घटना के तुरंत बाद परिजनों और ग्रामीणों ने सभी घायलों को बांका सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया. चिकित्सकों ने सभी घायलों का इलाज कर आवश्यक चिकित्सीय परामर्श भी दिया.
वन विभाग से रेस्क्यू की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही विशनपुर पंचायत के मुखिया आशुतोष सिंह और पंचायत समिति सदस्य नीतु सिंह घायलों से मिलने पहुंचे. उन्होंने वन विभाग को घटना की सूचना देकर कटखने बंदर को जल्द से जल्द रेस्क्यू करने की मांग की, ताकि आगे किसी और व्यक्ति पर हमला न हो.
ग्रामीणों में दहशत, बच्चों को घरों से नहीं निकलने की सलाह
लगातार हुए हमले के बाद डुबौनी गांव समेत आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने बच्चों और बुजुर्गों को बिना जरूरत घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है. लोगों का कहना है कि जब तक वन विभाग बंदर को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर नहीं ले जाता, तब तक किसी भी समय फिर से हमला होने की आशंका बनी रहेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By प्रीतम कुमार
प्रीतम कुमार प्रिंट माध्यम में 12 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं. अमरपुर (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










