बांका में मानसून हुआ सक्रिय, 26 जुलाई तक बांका में बारिश का अलर्ट, तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी

बारिश से भीगते हुए छात्राओं की सांकेतिक तस्वीर.
Monsoon Alert : बांका जिले में मानसून ने ज़ोर पकड़ लिया है, जिससे तापमान में गिरावट आई है. 26 जुलाई तक भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवा चलने की संभावना है. किसानों के लिए राहत लेकिन सतर्कता ज़रूरी है.
Monsoon Alert : बांका जिले में मानसून ने अब पूरी तरह से अपनी पकड़ मजबूत कर ली है. बुधवार को दिनभर आसमान में काले बादल छाए रहे और कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश हुई. बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और उमस भरी गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली. मौसम विभाग के अनुसार जिले का अधिकतम तापमान घटकर 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. तापमान में करीब दो डिग्री की गिरावट से वातावरण काफी आरामदायक हो गया.
26 जुलाई तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवा का पूर्वानुमान
बिहार कृषि विश्वविद्यालय की ग्रामीण कृषि मौसम सेवा और भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी मध्यम अवधि के पूर्वानुमान के अनुसार 22 से 26 जुलाई के बीच जिले में अधिकांश समय आसमान में घने बादल छाए रहेंगे. इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक और आंधी चलने की संभावना है. मौसम वैज्ञानिकों ने बताया है कि अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. सुबह के समय आर्द्रता 80 से 90 प्रतिशत और दोपहर में 70 से 80 प्रतिशत रहने का अनुमान है. वहीं, पुरवा हवा 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है. कुछ स्थानों पर हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की भी संभावना जताई गई है.
किसानों के लिए राहत, लेकिन सतर्कता भी जरूरी
लगातार हो रही बारिश को खरीफ फसलों और धान की रोपाई के लिए लाभदायक माना जा रहा है. खेतों में पर्याप्त नमी मिलने से किसानों को सिंचाई पर निर्भरता कम करनी पड़ेगी. हालांकि मौसम विभाग ने किसानों को खेतों में काम करने से पहले मौसम का ताजा पूर्वानुमान देखने की सलाह दी है, ताकि आंधी और वज्रपात के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके.
खराब मौसम में बरतें सावधानी
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ के नीचे और बिजली के खंभों के पास जाने से बचें. गरज-चमक और वज्रपात के समय सुरक्षित भवन या मजबूत आश्रय स्थल में ही रहें. अगले कुछ दिनों तक मौसम लगातार बदलता रहेगा, इसलिए समय-समय पर मौसम विभाग के अपडेट पर नजर बनाए रखना बेहद जरूरी होगा.
ये भी पढ़ें : बिहार के इन 22 जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी, तेज हवा के साथ बिजली गिरने की भी संभावना
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By मदन कुमार
मदन कुमार प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










