BANKA : बौसी में सड़क किनारे अचेत मिली नाबालिग, पुलिस ने कराया इलाज, दुष्कर्म की आशंका

Published by :AMIT KUMAR SINH
Published at :12 May 2026 9:31 AM (IST)
विज्ञापन
BANKA : बौसी में सड़क किनारे अचेत मिली नाबालिग, पुलिस ने कराया इलाज, दुष्कर्म की आशंका

बौसी थाना क्षेत्र के एक गांव के पास सोमवार देर रात सड़क किनारे अचेत अवस्था में मिली नाबालिग को बौंसी पुलिस ने रेफरल अस्पताल पहुंचाया.

विज्ञापन

बौसी, बांका से संजीव पाठक की रिपोर्ट :

बौसी थाना क्षेत्र के एक गांव के पास सोमवार देर रात सड़क किनारे अचेत अवस्था में मिली नाबालिग को बौंसी पुलिस ने रेफरल अस्पताल पहुंचाया. सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने बच्ची को तत्काल अस्पताल ले जाकर चिकित्सीय मदद दिलायी. गंभीर स्थिति देखते हुए डॉक्टर ने उसे बेहतर इलाज के लिए बांका सदर अस्पताल रेफर कर दिया. बताया जाता है कि बांका में भी बच्ची को होश नहीं आया. इसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल भागलपुर रेफर कर दिया गया है. जहां उसका इलाज चल रहा है.आशंका जताई जा रही है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया है. मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की देर रात बौसी पुलिस को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के एक शिक्षण संस्थान समीप सड़क किनारे अचेत अवस्था में एक नाबालिग लड़की पड़ी हुई है. पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और अचेत अवस्था में पड़ी नाबालिग को उठाकर रेफरल अस्पताल लाया. जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉक्टर ऋषिकेश सिन्हा के द्वारा बच्ची का इलाज किया गया और उसे बेहतर चिकित्सा के लिए बांका सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. इसके पूर्व अस्पताल की दो महिला स्वास्थ्य कर्मियों ने बच्ची की जांच की. हालांकि, इस मामले में डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मी ने कुछ भी बताने से इनकार किया. सूचना मिलने पर बौंसी पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी इंद्रजीत बैठा, सर्किल इंस्पेक्टर मनीष कुमार, बौसी थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा, एसआई ऐश्वर्या राय सहित भारी संख्या में पुलिस बल अस्पताल पहुंची और मामले की पड़ताल शुरू कर दी. देर रात पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा भी बौसी थाना पहुंचकर एसडीपीओ और थानाध्यक्ष से मामले में गहन पड़ताल की. साथ ही उन्होंने थानाध्यक्ष को मामले की पड़ताल कर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया है. पुलिस के द्वारा घटनास्थल का भी देर रात मुआयना किया गया है.उधर, बताया जाता है की बच्ची की मां का पूर्व में ही देहांत हो चुका है. जबकि पिता परदेश में कार्य करते हैं. घर में बुजुर्ग दादा के अलावा और कोई अभिभावक मौजूद नहीं है. देर रात बुजुर्ग से जानकारी लेने के लिए उन्हें भी बौसी थाना लाया गया है.पुलिस बुजुर्ग दादा से भी बातचीत कर घटना से जुड़ी जानकारी लेने की कोशिश कर रही है.पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और हर पहलू पर बारीकी से जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस की जांच के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्ची की हालत और घटना के कारणों की जांच जारी है. मेडिकल जांच रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जायेगी.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINH

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

AMIT KUMAR SINH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन