हथिया गांव में भीषण आग, दो घर जलकर राख

प्रखंड क्षेत्र के अंगारू जबड़ा पंचायत अंतर्गत हथिया गांव में शुक्रवार को अचानक लगी भीषण आग ने दो परिवारों के सपनों को चंद मिनटों में राख कर दिया.
बौंसी. प्रखंड क्षेत्र के अंगारू जबड़ा पंचायत अंतर्गत हथिया गांव में शुक्रवार को अचानक लगी भीषण आग ने दो परिवारों के सपनों को चंद मिनटों में राख कर दिया. तेज पछुआ हवा और भीषण गर्मी ने आग को इतना विकराल बना दिया कि पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गयी. इस अग्निकांड में राजेश खैरा (पिता जगदेव खैरा) और कांग्रेस खैरा (पिता गुल्ली खैरा) के घर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गये. आग ने दोनों घरों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों की संपत्ति स्वाहा हो गयी. घर से धुआं उठता देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तेज हवा के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया. रोशन कुमार के घर में लगे मोटर से पानी की बौछार कर ग्रामीणों के सहयोग से आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया. सूचना देने के काफी देर बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची. तब तक ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया था. इस हादसे में दोनों परिवारों के घर में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर और जरूरी दस्तावेज पूरी तरह जल गये हैं. वर्तमान में पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं. उन्होंने मुआवजे के लिए अंचल कार्यालय में आवेदन देने की बात कही है, ताकि आपदा राहत कोष से सहायता मिल सके. गौरतलब है कि क्षेत्र में बढ़ती गर्मी और तेज हवाओं के कारण आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सुभाष वैद्य
सुभाष वैद्य प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत वर्ष 2005 में की. अभी प्रभात खबर के बांका कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










