बौंसी में धान रोपाई के दौरान गिरा ठनका, 21 वर्षीय विवाहिता की मौत, पांच महिलाएं गंभीर रूप से झुलसीं

घायलों का इलाज करते चिकित्सक.
Banka Lightning Tragedy : बांका में धान रोपाई के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक युवती की दर्दनाक मौत हो गई. इस हादसे में पांच अन्य महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं. घटना के बाद गांव में मातम पसर गया है.
Banka Lightning Tragedy : बौसी के भीखा गांव के बहियार में सोमवार को कई महिलाएं मिलकर धान की रोपाई कर रही थीं. इसी बीच अचानक मौसम बदला और तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिर गई. वज्रपात की चपेट में आने से स्वर्गीय सेठो मंडल की 21 वर्षीय पुत्री डोली कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं. उनके साथ खेत में काम कर रहीं पांच अन्य महिलाएं भी झुलस गईं. हादसे के बाद खेत में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई.
पांच महिलाएं अस्पताल में भर्ती
घटना में झपनियां गांव निवासी कौशल्या देवी (40), भीखा गांव निवासी रिंकू देवी (28), सुनीता देवी (32), लाखो देवी (30) और रीना देवी (35) गंभीर रूप से झुलस गईं. सभी घायलों को ग्रामीणों और परिजनों की मदद से तत्काल बौसी रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार ने जांच के बाद डोली कुमारी को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य महिलाओं का उपचार जारी है.
दो मासूम बेटियों के सिर से उठा मां का साया
डोली कुमारी की शादी मुंगेर जिले के असरगंज थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव निवासी आलोक कुमार से हुई थी. वह इन दिनों अपने मायके भीखा गांव आई हुई थीं. उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. डोली अपने पीछे चार वर्षीय बेटी अनन्या और दो वर्षीय बेटी आकांक्षा को छोड़ गई हैं. मां के असमय निधन से दोनों मासूम बच्चियों के सिर से ममता का साया उठ गया. अस्पताल और गांव में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

पुलिस ने शुरू की कानूनी प्रक्रिया
घटना की सूचना मिलते ही बौसी थाना पुलिस रेफरल अस्पताल पहुंची. पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया. मृतका के चाचा अनिरुद्ध मंडल के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. यह हादसा एक बार फिर मानसून के दौरान खेतों में काम करते समय आकाशीय बिजली से बचाव के प्रति सतर्क रहने की जरूरत को रेखांकित करता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संजीव कुमार
संजीव कुमार पाठक प्रिंट माध्यम में 18 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बौंसी (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










