दूसरी सोमवारी पर बाबाधाम में जलार्पण के लिए बेताब कांवरिये, केसरिया रंग में रंगा सुल्तानगंज से देवघर पथ

Updated:
विज्ञापन

केसरिया रंग से रंगा कांवरिया पथ.

Shravani Mela 2026 : श्रावणी मेला 2026 की दूसरी सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ धाम में जलार्पण के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है. सुल्तानगंज के अजगैबीनाथ धाम से देवघर तक का मार्ग आस्था, भक्ति और 'बोल-बम' के जयघोष से गूंज रहा है. हजारों कांवरिये नंगे पांव अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं, जबकि सुरक्षा और सेवा व्यवस्था चाक-चौबंद है.

विज्ञापन

Shravani Mela 2026 : श्रावणी मेला की दूसरी सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ धाम में जलार्पण को लेकर सुल्तानगंज के अजगैबीनाथ धाम से देवघर तक आस्था, भक्ति और श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा है. रविवार को गंगाजल लेकर निकले कांवरियों ने सोमवारी जलार्पण का संकल्प पूरा करने के लिए अपनी यात्रा की रफ्तार बढ़ा दी. अधिकांश कांवरिया नन-स्टॉप कदम बढ़ाते हुए देर रात तक देवघर पहुंचकर जलार्पण की कतार में शामिल होने को आतुर दिखे. पूरे कांवरिया पथ पर ‘बोल-बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा.

कांवरिया वाहनों की भारी भीड़, कई जगह जाम

सुल्तानगंज-देवघर वाया कटोरिया मार्ग पर रविवार को कांवरिया वाहनों की भारी आवाजाही रही. कटोरिया बाजार, जमुआ मोड़ स्थित दरभाषण नदी पुल और दर्दमारा बॉर्डर के समीप कई बार जाम जैसी स्थिति बनी. कहीं वाहनों की रफ्तार तेज रही तो कहीं श्रद्धालुओं और वाहनों की अधिक संख्या के कारण गति धीमी हो गयी.

हालांकि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार मुस्तैद रहे. प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा एवं ट्रैफिक व्यवस्था की निगरानी की जाती रही.

थकान पर भारी आस्था, सेवा में जुटे शिवभक्त

सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर नंगे पांव बाबाधाम की ओर बढ़ रहे कांवरियों के चेहरों पर लंबी यात्रा की थकान साफ दिखाई दे रही थी, लेकिन बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और सोमवारी जलार्पण की उत्सुकता उनके कदमों को लगातार आगे बढ़ा रही थी.

कांवरिया पथ पर जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए हैं. इन शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, शरबत, भोजन, चिकित्सा और विश्राम की व्यवस्था की गयी है. स्वयंसेवक पूरे उत्साह के साथ कांवरियों की सेवा में जुटे हुए हैं.

चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा, दिन-रात हो रही गश्त

श्रावणी मेला को लेकर पूरे कांवरिया पथ पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गयी है. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अलग-अलग टीमों के साथ दिन-रात गश्त कर रहे हैं. भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष नजर रखी जा रही है.

प्रशासन का प्रयास है कि दूसरी सोमवारी पर बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ के बावजूद कांवरियों को यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो.

केसरिया रंग में रंगा कांवरिया पथ, गूंज रहा बोल-बम

जमुआ मोड़ सब-वे से गुजरते कांवरिये.
जमुआ मोड़ सब-वे से गुजरते कांवरिये.

दूसरी सोमवारी पर जलार्पण को लेकर कांवरिया पथ पर श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है. दूर तक दिखाई देती कांवरियों की कतार, कंधों पर सजी आकर्षक कांवर और चारों ओर गूंजता ‘बोल-बम’ का जयघोष पूरे मार्ग को भक्तिमय बना रहा है.

केसरिया रंग में रंगे मार्ग पर नंगे पांव आगे बढ़ते शिवभक्तों की आस्था देखते ही बन रही है. अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालु एक ही संकल्प के साथ बाबाधाम की ओर बढ़ रहे हैं. कांवर यात्रा आस्था, सेवा, समानता और सामाजिक समरसता की जीवंत तस्वीर भी पेश कर रही है.

दूसरी सोमवारी के जलार्पण को लेकर देर रात तक कांवरियों के बाबाधाम पहुंचने का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है. इससे देवघर और पूरे कांवरिया मार्ग पर श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ने की संभावना है.


विज्ञापन
दीपक चौधरी

लेखक के बारे में

By दीपक चौधरी

दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन