कटोरिया-देवघर मार्ग पर अनियंत्रित पिकअप ने बाइक में मारी टक्कर, दो अगरबत्ती विक्रेता गंभीर रूप से घायल

Updated:
विज्ञापन

जख्मी युवक का उपचार करते चिकित्सक | Prabhat Khabar Network

Road Accident : कटोरिया-देवघर मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, जिसमें एक अनियंत्रित पिकअप वैन ने बाइक सवार दो अगरबत्ती विक्रेताओं को गंभीर रूप से घायल कर दिया. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. कांवरिया पथ पर बढ़ती आवाजाही के बीच यह घटना सुरक्षा पर सवाल उठाती है.

विज्ञापन

Road Accident : कटोरिया-देवघर मुख्य मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. कटोरिया चौक और जमुआ मोड़ के बीच तुरी टोला के समीप एक अनियंत्रित पिकअप वैन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. दुर्घटना में बाइक सवार दो अगरबत्ती विक्रेता गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गयी. स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. शैलजानंद शुक्ला ने उनका प्राथमिक उपचार किया.

कांवरिया पथ की दुकानों में अगरबत्ती देकर लौट रहे थे दोनों युवक

घायल युवकों की पहचान भागलपुर जिले के शाहकुंड थाना क्षेत्र के सजौर-दासपुर गांव निवासी वकील यादव के 25 वर्षीय पुत्र नितेश कुमार और इंद्रजीत दास के 28 वर्षीय पुत्र शैलेंद्र दास के रूप में हुई है.

बताया गया कि दोनों युवक बाइक से कांवरिया पथ की विभिन्न दुकानों में अगरबत्ती की सप्लाई देने गए थे. दुकानों में अगरबत्ती पहुंचाने के बाद दोनों बाइक से वापस अपने डेरा की ओर लौट रहे थे. इसी दौरान कटोरिया-देवघर मुख्य मार्ग पर तुरी टोला के समीप उनकी बाइक दुर्घटना का शिकार हो गयी.

सामने से आई पिकअप ने मारी जोरदार टक्कर

स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों युवक बाइक से सड़क पर आगे बढ़ रहे थे. इसी दौरान सामने से तेज गति में आ रही पिकअप वैन अनियंत्रित हो गयी और बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े. हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आयीं. दुर्घटना के बाद पिकअप चालक के संबंध में तत्काल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी.

ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल, हुआ प्राथमिक उपचार

हादसे की आवाज और घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. लोगों ने बिना देर किए दोनों घायल युवकों को इलाज के लिए कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.

सीएचसी में चिकित्सक डॉ. शैलजानंद शुक्ला ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया. हादसे की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने उनकी स्थिति पर नजर रखी. दुर्घटना के बाद परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गयी.

कांवरिया पथ पर बढ़ी आवाजाही के बीच हादसे ने बढ़ाई चिंता

श्रावणी मेला के दौरान कटोरिया-देवघर मार्ग पर कांवरियों और उनके वाहनों की आवाजाही काफी बढ़ गयी है. सुल्तानगंज से बाबाधाम जाने वाले कांवरियों के साथ-साथ कांवरिया पथ पर कारोबार करने वाले छोटे-बड़े दुकानदारों और सामान की आपूर्ति करने वाले वाहनों की भी लगातार आवाजाही हो रही है.

ऐसे में मुख्य मार्ग पर वाहनों की बढ़ती भीड़ के बीच सड़क सुरक्षा को लेकर सावधानी बेहद जरूरी है. तुरी टोला के समीप हुई यह दुर्घटना भी तेज और अनियंत्रित वाहन परिचालन के खतरे को सामने लाती है.


विज्ञापन
दीपक चौधरी

लेखक के बारे में

By दीपक चौधरी

दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन