श्रावणी मेले के 21वें दिन बोल-बम से गूंजा कांवरिया पथ, सुहाने मौसम में बाबाधाम की ओर बढ़ा शिवभक्तों का जत्था
बाबाधाम जाते कांवरिये.| Prabhat Khabar Network
सावन के 21वें दिन कांवरिया पथ आस्था और उत्साह से सराबोर रहा. सुहाने मौसम का लाभ उठाते हुए बड़ी संख्या में शिवभक्त 'बोल-बम' के जयघोष के साथ बाबाधाम की ओर बढ़ते नजर आए. श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
सावन की भक्ति जैसे-जैसे अपने चरम की ओर बढ़ रही है, वैसे-वैसे कांवरिया पथ पर आस्था का रंग भी गहराता जा रहा है. श्रावणी मेले के 21वें दिन बुधवार को मौसम सुहाना रहा, जिसका लाभ उठाते हुए बड़ी संख्या में कांवरिये अजगैबीनाथ धाम से बाबाधाम की ओर बढ़ते नजर आए. कांवर में बंधे घुंघरुओं की रुनझुन और शिवभक्तों के गगनभेदी जयघोष से पूरा मार्ग शिवमय हो उठा.
कंधों पर कांवर, जुबां पर बोल-बम
केसरिया वस्त्र पहने शिवभक्त आकर्षक ढंग से सजाई गई कांवर को कंधे पर उठाकर बाबाधाम की ओर लगातार बढ़ रहे हैं. कोई समूह में तो कोई अकेले अपनी यात्रा पूरी करने में जुटा है.
कांवरियों के कदमों की रफ्तार के साथ ‘बोल-बम’, ‘हर-हर महादेव’ और ‘बाबा नगरी दूर है, जाना जरूर है’ जैसे जयघोष वातावरण में गूंज रहे हैं. तीन सप्ताह पूरे होने के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नजर नहीं आ रही है.
प्रमुख पड़ावों पर कांवरियों का लगातार ठहराव
कांवरिया मार्ग के जिलेबिया मोड़, टंगेश्वर, सुईया पहाड़, शिवलोक, आमाटिल्हा, अबरखा, सतलेटवा, तपरतिया, विश्वकर्मानगर, तुलसीवरण, जमुआ मोड़, राजबाड़ा, कोल्हुआ, देवासी, लक्ष्मणझूला, इनारावरण, भूलभुलैया और दुम्मा सहित विभिन्न पड़ावों पर कांवरियों का ठहराव जारी है.
विश्राम स्थलों और सेवा शिविरों में कुछ देर आराम करने के बाद श्रद्धालु फिर अपने कंधों पर कांवर उठाते हैं और बोल-बम के जयघोष के साथ बाबाधाम की ओर रवाना हो जाते हैं.
टेंट सिटी में कांवरियों के लिए मुकम्मल इंतजाम
कांवरियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कांवरिया पथ पर बनाए गए पांचों टेंट सिटी में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. इसके अलावा सरकारी और निजी धर्मशालाओं, पर्यटन विभाग के कैफेटेरिया, रेल शेल्टर तथा विभिन्न नि:शुल्क सेवा शिविरों में भी श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था है.
इन स्थानों पर शुद्ध पेयजल, शौचालय, स्नानागार, भोजन और आराम समेत अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. सेवा शिविरों में स्वयंसेवक भी लगातार श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे हुए हैं.
सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन की पैनी नजर
कांवरिया पथ पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस भी पूरी तरह अलर्ट है. कटोरिया स्थित जिला नियंत्रण कक्ष और जिलेबिया मोड़ स्थित उप नियंत्रण कक्ष से मेला क्षेत्र की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है.
कांवरिया पथ के विभिन्न हिस्सों में प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी, जवान तथा विभिन्न विभागों के कर्मी तैनात हैं. इनकी कोशिश श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराने की है.
तीन सप्ताह बाद भी चरम पर मेले की रौनक
श्रावणी मेले के 21 दिन बीत जाने के बाद भी कांवरिया पथ पर आस्था और उत्साह का रंग फीका नहीं पड़ा है. सुहाने मौसम ने कांवरियों की यात्रा को और सुखद बना दिया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपक चौधरी
दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








