बोलबम के जयघोष से गूंज उठा कांवरिया पथ, रंग-बिरंगी कांवरों के साथ उमड़ा शिवभक्तों का सैलाब

Updated:
विज्ञापन
बाबाधाम जाते श्रद्धालु      | Prabhat Khabar Network

बाबाधाम जाते श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network

Shravani Mela 2026 : श्रावणी मेला 2026 अपने पूरे शबाब पर है, जहाँ कांवरिया पथ शिवभक्तों के 'बोलबम' और 'हर-हर महादेव' के जयघोषों से गूंज रहा है. भक्तजन रंग-बिरंगी कांवरें सजाकर और भक्तिमय गीतों के साथ बाबा वैद्यनाथ धाम की ओर बढ़ रहे हैं. यह यात्रा, जो अक्सर कठिन होती है, भक्तों के अटूट विश्वास और उत्साह से सुगम हो रही है.

विज्ञापन

Shravani Mela 2026 : श्रावणी मेला के तीसरे दिन शनिवार को कांवरिया पथ पर शिवभक्तों का उत्साह चरम पर रहा. सुल्तानगंज से बाबाधाम तक ‘बोलबम’, ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय भोले’ के जयघोष लगातार गूंजते रहे. श्रद्धालु आकर्षक और रंग-बिरंगी कांवर सजाकर बाबा वैद्यनाथ धाम की ओर बढ़ते रहे. कांवरों में बंधे घुंघरुओं की मधुर ध्वनि और शिवभक्ति गीतों ने पूरे मार्ग को भक्तिमय बना दिया.

भक्ति और उत्साह से आसान हो रही कठिन यात्रा

महादेव की भक्ति में लीन कांवरिये ‘बाबा नगरिया दूर है, जाना जरूर है’, ‘बोलबम का नारा है, बाबा एक सहारा है’ और ‘भोले बाबा पार करेंगे’ जैसे जयघोष लगाते हुए लंबी यात्रा भी मुस्कुराते हुए पूरी कर रहे हैं. रास्ते भर श्रद्धालुओं के चेहरे पर थकान से अधिक भक्ति और उत्साह दिखाई दिया.

सावन में जलार्पण का विशेष धार्मिक महत्व

धार्मिक मान्यता है कि सावन माह में उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल बाबा वैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग पर अर्पित करने से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं. इसी अटूट विश्वास के साथ देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु नंगे पांव लगातार बाबा धाम की ओर बढ़ रहे हैं.

कांवरिया पथ पर मेले जैसी रौनक

जिलेबिया मोड़, टंगेश्वर, सुईया पहाड़, अबरखा, तरपतिया, सतलेटवा, दुल्लीसार, विश्वकर्मानगर, कुरावा, जमुआ मोड़, राजबाड़ा, कोल्हुआ, देवासी, लक्ष्मणझूला, इनारावरण, भूलभूलैया, पटनियां, गोड़ियारी और दुम्मा तक छोटी-बड़ी दुकानें पूरी तरह सज चुकी हैं. चाय, नाश्ता, फल, कोल्ड ड्रिंक्स, पूजन सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की दुकानों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है. इससे पूरे कांवरिया पथ पर मेले जैसा जीवंत माहौल बना हुआ है.

सेवा शिविरों में मिल रही हर जरूरी सुविधा

सरकारी और निजी धर्मशालाओं के साथ विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा संचालित नि:शुल्क सेवा शिविरों में कांवरियों को भोजन, पेयजल, चिकित्सा, विश्राम और प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. वहीं बांका जिला प्रशासन भी सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर पूरी तरह सक्रिय है. कांवरिया पथ पर तैनात दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और प्रशासनिक कर्मी श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने में जुटे हुए हैं.


विज्ञापन
दीपक चौधरी

लेखक के बारे में

By दीपक चौधरी

दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन