चंडीडीह में स्वास्थ्य केंद्र का शुभारंभ, अब गांव में मिलेगी इलाज की सुविधा

सबलपुर पंचायत अंतर्गत चंडीडीह में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मंगलवार को नये स्वास्थ्य केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया.
पंजवारा. सबलपुर पंचायत अंतर्गत चंडीडीह में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मंगलवार को नये स्वास्थ्य केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया. इस स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन सिविल सर्जन बांका डॉ जितेंद्र कुमार सिंह ने किया. इस अवसर पर सिविल सर्जन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है. चंडीडीह में स्वास्थ्य केंद्र शुरू होने से आसपास के गांवों के लोगों को अब छोटी-बड़ी बीमारियों के इलाज के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी. उन्होंने कहा कि समय पर इलाज मिलने से लोगों का स्वास्थ्य बेहतर रहेगा और आपात स्थिति में भी राहत मिलेगी. मौके पर उपस्थित सबलपुर पंचायत के मुखिया निखिल बहादुर सिंह ने कहा कि यह स्वास्थ्य केंद्र गांव के लिए बड़ी सौगात है. इससे ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी और समय तथा पैसे की भी बचत होगी. कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रश्मि सीमा कुमारी, स्वास्थ्य प्रबंधक मनोज कुमार, प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक सोनिका राय, एएनएम अन्ना मेरी, सीएचओ दिग्विजय सिंह, अशोक कुमार, हृदेश शर्मा एवं अरविंद राठौड़ सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे. वहीं स्वास्थ्य केंद्र के संचालन शुरू होने से चंडीडीह सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित होगी, जिससे लोगों में खुशी का माहौल देखा गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




