शंभुगंज में सिलौटा गांव के छात्र के साथ मारपीट, मोबाइल व कागजात छीने

शंभुगंज में सिलौटा गांव के छात्र के साथ मारपीट,
शंभुगंज. शंभुगंज. थाना क्षेत्र के सिलौटा गांव में कॉलेज से लौट रहे एक छात्र के साथ मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है. इस संबंध में पीड़ित छात्र के परिजनों ने थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. जानकारी के अनुसार सिलौटा गांव निवासी छात्र अभिषेक कुमार आर.एस. कॉलेज तारापुर में पार्ट-3 में नामांकन कराने गया था. कॉलेज से लौटने के दौरान जब वह गांव स्थित शिव मंदिर के समीप पहुंचा, तभी वहां पहले से मौजूद कुछ युवकों ने उसे रोक लिया. आरोप है कि युवकों ने पहले गाली-गलौज की और फिर छात्र के साथ मारपीट शुरू कर दी. पीड़ित छात्र के अनुसार मारपीट के दौरान आरोपितों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया. इसके अलावा उसके पास रखे शैक्षणिक प्रमाण पत्र भी छीनकर फाड़ दिए. छात्र का यह भी आरोप है कि उसके जेब में रखे एटीएम कार्ड तथा नगद राशि भी छीन ली गयी. घटना का विरोध करने पर आरोपितों ने उसे फिर से मारपीट कर घायल कर दिया. छात्र ने गांव के शुभम कुमार सहित अन्य दस युवकों पर मारपीट और लूटपाट करने का आरोप लगाया है. घटना के बाद छात्र किसी तरह अपने घर पहुंचा और पूरी जानकारी परिजनों को दी. मामले को लेकर छात्र की मां अंजू देवी, पति अरुण मंडल मंगलवार को शंभुगंज थाना पहुंचीं और लिखित आवेदन देकर आरोपित युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. वहीं आरोपी शुभम कुमार सहित अन्य ने अपने ऊपर लगाये गये आरोपों को बेबुनियाद बताया है. इस संबंध में पुनि सह थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




