गोकुला में 501 कलशों के साथ निकली भव्य शोभायात्रा, श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ

प्रखंड क्षेत्र के गोकुला गांव में रविवार को भक्ति, आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ से पूर्व भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गयी.
बौंसी. प्रखंड क्षेत्र के गोकुला गांव में रविवार को भक्ति, आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ से पूर्व भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गयी. इस धार्मिक आयोजन ने पूरे गांव को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया है. शोभायात्रा की शुरुआत गांव स्थित दुर्गा मंदिर परिसर के पवित्र चंद्रकूप से हुई, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालु महिलाओं ने कलश में जल भरा. इसके बाद 501 महिलाओं ने सिर पर जल से भरे कलश रखकर पूरे गांव में भव्य यात्रा निकाली. भक्ति संगीत, भजनों और डीजे की धुन पर श्रद्धालु झूमते-गाते हुए आगे बढ़ते रहे, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया. यह शोभायात्रा दुर्गा मंदिर गोकुला से प्रारंभ होकर किरण पुस्तकालय, जोगिया तक पहुंची. रास्ते भर सैकड़ों श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल होकर भक्ति रस में सराबोर होते रहे. यात्रा के समापन पर विधिवत पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया. गांव के दुर्गा मंदिर परिसर में पांच से 11 अप्रैल तक सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया गया है. इस पावन अवसर पर वृंदावन से पधारी प्रसिद्ध कथा वाचिका दीदी राधिका किशोरी जी द्वारा कथा का रसपान कराया जा रहा है. कथा का समय प्रतिदिन संध्या सात से रात्रि 10 बजे तक निर्धारित किया गया है. इस धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे गोकुला गांव में उत्साह और श्रद्धा का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार के आयोजन न केवल आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करते हैं, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को भी मजबूत करते हैं. भक्ति, संगीत और श्रद्धा के इस अद्भुत संगम ने गोकुला गांव को एक बार फिर धर्म और संस्कृति की जीवंत मिसाल बना दिया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




