शराब के साथ चार तस्कर धराये, 22 शराबी गिरफ्तार

शराब के साथ चार तस्कर धराये, 22 शराबी गिरफ्तार
बांका. शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए उत्पाद विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान टीम ने भारी मात्रा में विदेशी व देशी शराब बरामद करते हुए चार तस्करों सहित कुल 27 लोगों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए सभी अभियुक्तों को कागजी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर दिया गया.
पिकअप वैन से 400 लीटर शराब जब्त, मुंगेर का तस्कर धराया
जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि शंभुगंज के रास्ते शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है. टीम ने शंभुगंज थाना क्षेत्र के मिर्जापुर मोड़ के पास घेराबंदी की. इसी दौरान इंग्लिशमोड़ की ओर जा रही एक तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप को रोका गया. जांच करने पर वाहन में रखे 39 टीन के डब्बों से 400.140 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई. मौके से तस्कर कुमीत कुमार (ग्राम टीका रामपुर, जिला मुंगेर) को गिरफ्तार किया गया.
विभिन्न इलाकों में छापेमारी, ई-रिक्शा व बाइक से शराब बरामद
अभियान के तहत बांका थाना क्षेत्र के शंकरपुर सड़क के पास एक ई-रिक्शा से 60 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गयी. मौके से मोहम्मद कलाम अंसारी (डुमरिया, बांका) को गिरफ्तार किया गया. वहीं, अमरपुर के तारडीह गांव में छापेमारी कर 24.300 लीटर मसालेदार देशी शराब के साथ राधेश्याम मंडल को दबोचा गया. फुल्लीडुमर थाना क्षेत्र के भितिया बांध के पास बाइक सवार एक नाबालिग को 21 लीटर विदेशी शराब के साथ विधि निरुद्ध किया गया.
दर्दमारा चेकपोस्ट पर दोबारा धराया शराब पीने वाला आरोपित
चांदन थाना अंतर्गत दर्दमारा चेक पोस्ट पर जांच के दौरान सुमन कुमार (कसवा, पूर्णिया) को शराब सेवन के आरोप में गिरफ्तार किया गया. बताया जाता है कि वह पूर्व में भी शराब पीने के जुर्म में पकड़ा जा चुका है. इसके अलावा जिले के अलग-अलग हिस्सों से शराब पीने के आरोप में 21 अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया. उत्पाद विभाग की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




