आवासीय विद्यालय में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, गेट तोड़कर निकाली गयीं आधा दर्जन बच्चियां

Updated at : 16 Mar 2026 8:31 PM (IST)
विज्ञापन
आवासीय विद्यालय में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, गेट तोड़कर निकाली गयीं आधा दर्जन बच्चियां

आवासीय विद्या मंदिर एंड स्पेशल प्ले किड्स स्कूल के हॉस्टल में सोमवार की अहले सुबह शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग जाने से आधा दर्जन बच्चियां बेहोश हो गयी.

विज्ञापन

शहर के जगतपुर स्थित आवासीय विद्यालय का मामला, बेहोशी की अवस्था में ले जाया गया अस्पताल

बांका. सदर थाना के शहर अंतर्गत कटोरिया रोड समीप जगतपुर स्थित आवासीय विद्या मंदिर एंड स्पेशल प्ले किड्स स्कूल के हॉस्टल में सोमवार की अहले सुबह शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग जाने से आधा दर्जन बच्चियां बेहोश हो गयी. सभी बच्चियों को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया. चिकित्सक के अनुसार सभी की स्थिति सामान्य है. इस घटना को लेकर मकान मालिक मयंक मिंकू व संचालक संतोष कुमार पूर्वे को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की गयी और बाद में पीआर बॉन्ड पर छोड़ा दिया गया.

डीएम ने दिया जांच के आदेश

इस घटना काे लेकर डीएम नवदीप शुक्ला ने एसडीपीओ राजकुमार, बीडीओ चंदन कुमार व थानाध्यक्ष सुधीर कुमार को आवश्यक जांच करते हुए कार्रवाई का निर्देश दिया है. ज्ञात हो कि इस मामले में एसडीपीओ ने भी विद्यालय जाकर घटना स्थल का जायजा लिया. स्थानीय लोगों के साथ पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया. मामले में बीडीओ व एसएचओ ने औपचारिक जांच भी पूरी की है. खबर लिखे जाने तक इस मामले में किसी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज नहीं की गयी है. हालांकि, इस घटना के बाद विद्यालय के संचालन व सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े हो रहे हैं. आवासीय विद्यालय होने के बावजूद तय मापदंड के अनुसार सुरक्षा के आवश्यक उपकरण व जरुरी सामग्री मौजूद नहीं हाेने की बात कही जा रही है. बताया जा रहा है कि धुआं अधिक होने और घबराहट से कई बच्चियां बेहोश हो गयी थीं. समय पर अस्पताल नहीं ले जाया जाता तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी.

काफी मशक्कत के बाद निकाली गयीं बच्चियां

जानकारी के अनुसार, अहले सुबह स्थानीय बगलगीर ने स्कूल से धूआं निकलते हुए देखा. इसके बाद मामले की जानकारी जिला प्रशासन को दी. सूचना मिलते ही डीएम नवदीप शुक्ला के निर्देश पर एसडीओ राजकुमार के नेतृत्व में आनन-फानन में अग्निशमन दल, स्वास्थ्य विभाग की टीम व स्थानीय पुलिस के साथ घटना स्थल पर पहुंचे. मकान मालिक, स्थानीय लोगों ने पूर्व से ही बच्चों को विद्यालय से निकालना शुरू कर दिया था. पुलिस व अग्निशमन दल के आने के बाद स्थानीय लोगों को काफी मदद मिली. बच्चों को अविलंब निकालते हुए अस्पताल पहुंचाया गया. बताया गया कि आग लगने के दौरान मेन गेट बंद था. वह आसानी से नहीं खुल रहा था. इसके बाद गेट को तोड़कर लोग अंदर प्रवेश हुए और मोबाइल के टॉर्च की रोशनी से बच्चियों को निकाला गया. सभी बच्चियां फिलहाल खतरे से बाहर हैं. सभी बच्चियों को परिजन के हवाले कर दिया गया है. आग लगने से विद्यालय के कई सामग्री व उपकरण जल गये हैं. इस घटना में केयर टेकर व बाराहाट लकड़ा गांव निवासी मुन्नी देवी भी बेहोश हो गयी थी. राहत दल ने इन्हें भी सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जो अभी खतरे से बाहर है.

घटना में बीमार बच्ची

सदर प्रखंड के केवल निवासी सोनम प्रिया (सात वर्ष), मटुकचक निवासी रितिका कुमारी (सात वर्ष), शास्त्री चौक निवासी रिया कुमारी (पांच वर्ष), देसड़ा निवासी सृष्टि कुमारी (10 वर्ष), धोरैया के अमहारा हरचंडी निवासी शिवानी कुमारी (10 वर्ष) व बौंसी के जितिया जोर निवासी गौरी कुमारी (10 वर्ष) शामिल हैं.डीएम के निर्देश पर स्थानीय बीडीओ व थानाध्यक्ष को जांच का आदेश दिया गया है. स्कूल संचालक से पूछताछ की जा रही है. इस मामले में जांच रिपोर्ट आने के बाद कानूनी कार्रवाई की जायेगी.

राजकुमार, एसडीओ, बांकाB

विज्ञापन
SHUBHASH BAIDYA

लेखक के बारे में

By SHUBHASH BAIDYA

SHUBHASH BAIDYA is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन