खाद की कालाबाजारी से किसान परेशान, प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग

खाद की कालाबाजारी से किसान परेशान
पंजवारा. पंजवारा क्षेत्र के किसान इन दिनों खाद की कालाबाजारी से जूझ रहे हैं. धान की रोपाई का मौसम अपने चरम पर है, लेकिन बाजार में सरकारी दर पर खाद उपलब्ध कराना मुश्किल हो गया है. किसानों का कहना है कि दुकानदार खुलेआम निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर खाद बेच रहे हैं, जिससे खासकर छोटे और गरीब किसान आर्थिक रूप से दबाव में आ गए हैं. किसानों का आरोप है कि सरकारी दावे केवल कागजों तक सीमित हैं. यूरिया और डीएपी जैसी खाद के लिए उन्हें घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ता है, लेकिन उचित दाम पर खाद नहीं मिलती. कई दुकानदार चोरी-छिपे गोदाम से खाद निकालकर ब्लैक में ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं. इस वजह से खेती की लागत बढ़ रही है और समय पर रोपाई कार्य में बाधा आ रही है.ग्रामीणों का कहना है कि खाद की कमी और कालाबाजारी से उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है. कई किसान मजबूरी में महंगे दाम पर खाद खरीद रहे हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और बिगड़ रही है. किसान नेताओं ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो, ताकि किसानों को उचित दर पर समय से खाद मिल सके. इस मामले पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने बताया कि शिकायतों की जांच की जायेगी. दोषी पाए जाने वाले दुकानदारों पर सख्त कार्रवाई होगी. उन्होंने किसानों से अपील की कि वे कालाबाजारी की किसी भी घटना की सूचना तत्काल विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके. स्थानीय किसानों का मानना है कि यदि प्रशासन त्वरित और ठोस कदम उठाए, तो न केवल कालाबाजारी पर अंकुश लगेगा, बल्कि समय पर रोपाई भी पूरी हो सकेगी और उत्पादन में गिरावट से बचा जा सकेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




