पंजवारा में जर्जर आंगनबाड़ी भवन में पढ़ने को मजबूर नौनिहाल, तत्काल मरम्मत की मांग

Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 03 Jun 2026 2:57 PM

विज्ञापन

Banka News : बांका के पंजवारा पंचायत स्थित एक आंगनबाड़ी केंद्र की बदहाल तस्वीर सामने आयी है. जर्जर भवन में छोटे-छोटे बच्चे शिक्षा और पोषण सेवाएं लेने को मजबूर हैं. ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो बड़ा हादसा हो सकता है.

विज्ञापन

पंजवारा (बांका) से गौरव कश्यप की रिपोर्ट

Banka News : पंजवारा पंचायत के कलाली टोला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-151 का भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है. दीवारों में दरारें और कमजोर हो चुकी छत के बीच केंद्र का संचालन जारी है. भवन की खस्ताहाल स्थिति से बच्चों, अभिभावकों और केंद्र कर्मियों में लगातार भय का माहौल बना हुआ है. स्थानीय लोगों ने विभागीय अधिकारियों से तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है.

हादसे के साये में चल रही पढ़ाई

कलाली टोला के आंगनबाड़ी केंद्र का भवन वर्षों पुराना हो चुका है. भवन की दीवारें और छत जर्जर अवस्था में पहुंच गई हैं. इसके बावजूद नौनिहाल बच्चों को इसी भवन में बैठाकर शिक्षा और पोषण संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं. भवन की स्थिति देखकर अभिभावक भी चिंतित हैं.

सेविका ने बतायी परेशानी

केंद्र में कार्यरत सेविका खुशबू देवी ने बताया कि भवन काफी पुराना हो गया है और इसकी हालत दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है. बच्चों को सुरक्षित तरीके से बैठाने में भी कठिनाई होती है. कई बार भवन की स्थिति को लेकर चिंता जताई गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है.

बारिश में बढ़ जाती है मुश्किल

स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के मौसम में केंद्र की समस्या और गंभीर हो जाती है. छत और दीवारों की जर्जर स्थिति के कारण हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. ऐसे में अभिभावक अपने बच्चों को केंद्र भेजने से भी हिचकिचाते हैं.

ग्रामीणों ने उठाई मरम्मत की मांग

ग्रामीणों और अभिभावकों ने संबंधित विभाग एवं प्रशासन से आंगनबाड़ी भवन की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है. उनका कहना है कि बच्चों को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा, पोषण और अन्य सुविधाएं मिलनी चाहिए. जर्जर भवन में केंद्र संचालन नौनिहालों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है.

”समय रहते नहीं हुई कार्रवाई तो हो सकता है हादसा”

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते भवन की मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINH

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन