बगडुम्मा में श्री राम कथा के सातवें दिन उमड़ी अपार श्रद्धा की भीड़

नगर पंचायत के बगडुम्मा गांव स्थित काली मंदिर परिसर में चल रहे नौ दिवसीय श्रीराम कथा एवं कालिका पूजन में बुधवार को सातवें दिन आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला.
बौंसी. नगर पंचायत के बगडुम्मा गांव स्थित काली मंदिर परिसर में चल रहे नौ दिवसीय श्रीराम कथा एवं कालिका पूजन में बुधवार को सातवें दिन आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ कथा श्रवण के लिए उमड़ पड़ी, जिससे पूरा परिसर जय श्रीराम के गगनभेदी जयकारों से भक्तिमय हो उठा. कथावाचक ने भगवान श्रीराम के जीवन के अत्यंत भावपूर्ण प्रसंगों का वर्णन करते हुए अहिल्या उद्धार, गुरु विश्वामित्र के साथ मिथिला आगमन और जनकपुरी में प्रभु की मधुर लीलाओं के साथ सीता-राम विवाह का मनमोहक चित्रण किया इन प्रसंगों को सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए और कई की आंखें नम हो उठीं. आयोजन स्थल को भव्य पंडाल और आकर्षक सजावट से सजाया गया है, जो श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित कर रहा है. प्रतिदिन संध्या समय बड़ी संख्या में लोग कथा प्रवचन में शामिल हो रहे हैं. कथावाचिका गोस्वामी पीतांबरा के द्वारा कथा व्यास मंच से प्रतिदिन कई धार्मिक ज्ञान की बातें बताई जा रही है. यह धार्मिक आयोजन ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हो रहा है. कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में संतोष कुमार साह की उपस्थिति रही. वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष कोमल भारती सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग भी कथा में शामिल होकर धर्मलाभ अर्जित कर रहे हैं. मालूम हो कि इस आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि की कामना करना है. आकर्षक झांकियों और सुसज्जित मंच के कारण श्रद्धालुओं का उत्साह दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का माहौल बना हुआ है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




