भागलपुर-हंसडीहा पैसेंजर ट्रेन में मिला 50 वर्षीय व्यक्ति का शव, मंदार हिल स्टेशन पर मचा हड़कंप

भागलपुर-हंसडीहा पैसेंजर ट्रेन में बुधवार को उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया, जब एक करीब 50 वर्षीय व्यक्ति का शव ट्रेन की बोगी में पाया गया.
मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पायी है पोस्टमार्टम के बाद जीआरपी के नेतृत्व में शव को शिनाख्त के लिए 72 घंटे तक रखा जायेगा बौसी. भागलपुर-हंसडीहा पैसेंजर ट्रेन में बुधवार को उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया, जब एक करीब 50 वर्षीय व्यक्ति का शव ट्रेन की बोगी में पाया गया. घटना की जानकारी मिलते ही मंदार हिल रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को रोक दिया गया, इसके बाद स्टेशन परिसर में काफी देर तक हड़कंप की स्थिति बनी रही. जानकारी के अनुसार, भागलपुर से हंसडीहा की ओर जा रही पैसेंजर ट्रेन में यात्रियों ने एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में पड़ा देखा. पहले तो यात्रियों ने उसे जगाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उन्हें आशंका हुई. इसके बाद यात्रियों ने शोर मचाते हुए रेलवे कर्मियों को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही ट्रेन को मंदार हिल स्टेशन पर रोक दिया गया. मंदार हिल स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक राजेश कुमार ने इसकी सूचना तुरंत प्रभात खबर को दी. सूचना मिलने के बाद अस्पताल प्रबंधन को भी अवगत कराया गया. इसके पश्चात एंबुलेंस को स्टेशन भेजा गया. ताकि शव को अस्पताल पहुंचाया जा सके. एंबुलेंस कर्मियों व आरपीएफ जवान शिवनंदन कुमार के सहयोग से ट्रेन की बोगी से शव को नीचे उतारा गया और जांच के लिए रेफरल अस्पताल ले जाया गया. इस पूरी प्रक्रिया के दौरान पैसेंजर ट्रेन करीब एक घंटे से अधिक समय तक स्टेशन पर खड़ी रही, इससे यात्रियों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. रेफरल अस्पताल में अस्पताल प्रबंधक अमित कुमार की मौजूदगी में डॉ अर्चना कुमारी ने शव की जांच की. जांच के बाद डॉक्टर ने व्यक्ति की मौत की पुष्टि कर दी. हालांकि, मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पायी है और यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि वह व्यक्ति ट्रेन में कब और कहां से सवार हुआ था. फिलहाल, रेलवे सुरक्षा बल पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं. मृतक की पहचान कराने और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है. अस्पताल प्रबंधन ने शव आरपीएफ को सौंप दिया है. आरपीएफ ने बताया कि शव को भागलपुर ले जाया जा रहा है. जहां पोस्टमार्टम के बाद जीआरपी के नेतृत्व में शव को शिनाख्त लिए 72 घंटे तक रखा जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




