कमलपुर में देवी भागवत कथा श्रवण को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

प्रखंड क्षेत्र के कमलपुर में आयोजित देवी भागवत कथा के तीसरे दिन कथास्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी.
बाराहाट. प्रखंड क्षेत्र के कमलपुर में आयोजित देवी भागवत कथा के तीसरे दिन कथास्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. कथा व्यास पंडित बाबा राजहंस ने अपने मधुर प्रवचनों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया. कथा के दौरान उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी स्यमंतक मणि की कथा का विस्तार से वर्णन किया. उन्होंने बताया कि भगवान कृष्ण पर मणि चोरी का आरोप लगा, जिसे दूर करने के लिए उन्होंने सत्य की खोज की. इस क्रम में उनका सामना जामवंत से हुआ, जिनसे लंबा युद्ध हुआ. अंततः भगवान कृष्ण ने जामवंत को पराजित किया, इसके बाद जामवंत ने अपनी पुत्री जामवंती का विवाह श्रीकृष्ण से कर दिया और स्यमंतक मणि भी उन्हें सौंप दी. आगे कथा में बताया गया कि भगवान कृष्ण के घर लौटने में विलंब होने पर उनके माता-पिता अत्यंत चिंतित हो गये थे. उनकी कुशलता के लिए नवरात्र का आयोजन किया गया, जिसमें नौ दिनों तक मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधिवत पूजा-अर्चना की गयी. कथा व्यास ने शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री के पूजन विधि एवं आध्यात्मिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला. कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति भाव में डूबे नजर आये. पूरा पंडाल भजन-कीर्तन और मंत्रोच्चार से गुंजायमान रहा, जिससे वातावरण पूर्णतः आध्यात्मिक बना रहा. आयोजकों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए समुचित व्यवस्था की गयी थी. इस प्रकार देवी भागवत कथा का तृतीय दिवस श्रद्धा, भक्ति और ज्ञान के संगम के रूप में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. मौके पर यजमान निरोज झा, श्री झा, राहुल झा, संदीप झा, रौशन झा, मोनू झा, रंजीत ठाकुर, साकचीत, स्मित, बबुआ झा सहित कई अन्य ग्रामीण उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




