कटोरिया में भी गुजरात-मुंबई मॉडल पर कोऑपरेटिव सोसाइटी गठन की तैयारी, महिलाओं को भी मिलेगी बड़ी भूमिका

Updated:
विज्ञापन
कटोरिया में भी गुजरात-मुंबई मॉडल पर कोऑपरेटिव सोसाइटी गठन की तैयारी, महिलाओं को भी मिलेगी बड़ी भूमिका

Banka News : बांका जिले के कटोरिया में वंचित समुदाय को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कॉपरेटिव सोसाईटी गठन को लेकर बैठक आयोजित की गई. वक्ताओं ने कहा कि सहकारिता आंदोलन के जरिए रोजगार बढ़ेगा, पलायन रुकेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी.

विज्ञापन

कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट : कटोरिया प्रखंड मुख्यालय स्थित कठौन पैक्स गोदाम परिसर में रविवार को प्रखंड स्तरीय सहकारिता संगठन (कॉपरेटिव सोसाईटी) गठन को लेकर बैठक आयोजित की गई. बैठक में सहकारिता आंदोलन से जुड़े प्रणेता डॉ. राधेश्याम राम और दलित मुक्ति मिशन के निदेशक महेंद्र कुमार रौशन ने लोगों को सहकारिता मॉडल और इसके लाभों की विस्तृत जानकारी दी. कार्यक्रम की अध्यक्षता कठौन पैक्स अध्यक्ष फकरे आलम ने की, जबकि संचालन महिला समाजसेविका सुनीता देवी ने किया.

सहकारिता से आत्मनिर्भर बनेंगे लोग

मुख्य अतिथि डॉ. राधेश्याम राम ने कहा कि वंचित समुदाय को सहकारिता से जोड़कर कृषि, व्यवसाय और आर्थिक गतिविधियों में मजबूत बनाना ही इस पहल का मुख्य उद्देश्य है. उन्होंने कहा कि सहकारिता मॉडल अपनाकर ऐसा रोजगार विकसित किया जा सकता है, जिससे लोगों को मजदूरी के लिए दूसरे राज्यों में पलायन नहीं करना पड़े.

महिलाओं को मिलेगी नेतृत्व की जिम्मेदारी

डॉ. राधेश्याम राम ने बताया कि प्रखंड स्तरीय सहकारी समिति में सभी लोगों की भागीदारी जरूरी होगी. शुरुआत में 30 से 35 लोगों को जोड़कर समिति का रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा. उन्होंने बताया कि इस कॉपरेटिव सोसाईटी में 12 महिलाएं बोर्ड ऑफ डायरेक्टर के रूप में शामिल होंगी और इनमें से एक अध्यक्ष का चयन किया जाएगा, जो मुख्य कार्यपालक की भूमिका निभाएंगी.

सहकारिता आंदोलन से रुकेगा पलायन

दलित मुक्ति मिशन के निदेशक महेंद्र कुमार रौशन ने कहा कि गुजरात और मुंबई की तरह बिहार में भी सहकारिता आंदोलन को बढ़ावा देने की जरूरत है. इससे गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और युवाओं व मजदूरों का पलायन रुकेगा. उन्होंने बताया कि कटोरिया में कॉपरेटिव सोसाईटी गठन को लेकर आगामी 31 मई को फिर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी.

31 मई को होगी सदस्यता और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया

बैठक में बताया गया कि अगली बैठक में इच्छुक लोगों के दस्तावेज जमा कर सदस्य बनाने और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी. इस दौरान लोगों से बड़ी संख्या में जुड़ने की अपील की गई.

महिलाओं की रही बड़ी भागीदारी

बैठक में काफी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया. इनमें सुनीता देवी, रंजू देवी, मुन्नी देवी, रेणु कुमारी, निर्मला देवी, सरिता देवी, ललिता देवी, सविता उर्फ शोभा देवी, इंदु देवी, डोली कुमारी और अंजनी देवी समेत कई लोग मौजूद रहे.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन