बीपीएससी में चमकी मध्य विद्यालय झपनिया की पूर्व छात्रा, B.D.O बन बढ़ाया क्षेत्र का मान
बीपीएससी में सफलता हासिल करने वाली खुशनुद खातून एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय झपनियां का भवन.
BPSC Success Story: बौसी की खुशनुद खातून ने बीपीएससी परीक्षा में 291वीं रैंक हासिल कर ग्रामीण विकास पदाधिकारी का पद प्राप्त किया है. उनकी सफलता पर उत्क्रमित मध्य विद्यालय झपनियां में खुशी का माहौल है और सम्मान समारोह की तैयारी की जा रही है.
बौसी (बांका) से संजीव पाठक की रिपोर्ट:
BPSC Success Story: बौसी प्रखंड के झपनिया स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय की पूर्व छात्रा खुशनुद खातून ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र और विद्यालय का गौरव बढ़ाया है. उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है. शिक्षकों और विद्यार्थियों ने इसे विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया है.
विद्यालय के प्रधानाध्यापक सज्जन कुमार झा ने बताया कि खुशनुद खातून ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा बंशीपुर प्राथमिक विद्यालय से प्राप्त की थी. इसके बाद उन्होंने छठी से आठवीं कक्षा तक की पढ़ाई उत्क्रमित मध्य विद्यालय झपनियां में की. सीमित संसाधनों के बीच कठिन परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है, जो वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है.
उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर प्रतियोगी परीक्षा में सफलता प्राप्त करना यह साबित करता है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास निरंतर हो तो कोई भी उपलब्धि हासिल की जा सकती है.
ये भी पढे: पिता के निधन के बाद नहीं टूटा हौसला, कटोरिया के अमित सिंह बने नगर कार्यपालक पदाधिकारी
291वीं रैंक हासिल कर बनीं ग्रामीण विकास पदाधिकारी
विद्यालय के शारीरिक शिक्षक सह व्यवस्थापक दिवाकर कुमार मंडल ने बताया कि बीपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में विद्यालय की पूर्व छात्रा की सफलता पूरे विद्यालय परिवार के लिए सम्मान और गर्व का विषय है. इससे विद्यालय के छात्र-छात्राओं का मनोबल बढ़ेगा और वे भी बड़े लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगे.
जानकारी के अनुसार हाल ही में घोषित बीपीएससी परीक्षा परिणाम में बौसी के बंशीपुर निवासी मो. उमर अंसारी की सबसे छोटी पुत्री खुशनुद खातून ने 291वीं रैंक हासिल की है. इस सफलता के साथ उनका चयन ग्रामीण विकास पदाधिकारी (आरडीओ) के पद पर हुआ है.
सम्मान समारोह आयोजित करेगा विद्यालय
खुशनुद खातून की सफलता की खबर मिलते ही क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है. स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.
विद्यालय प्रबंधन ने निर्णय लिया है कि उनकी उपलब्धि के सम्मान में विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम में शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की उपस्थिति में उन्हें सम्मान-पत्र प्रदान किया जाएगा. विद्यालय परिवार का मानना है कि उनकी सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










