बांका में मानसून मेहरबान, अगले 2 दिनों तक भारी बारिश के आसार, वज्रपात को लेकर अलर्ट

-फोटो - मौसम की तस्वीर | Prabhat Khabar Network
Banka Weather: बांका जिले में मानसून ने दस्तक दे दी है, आसमान में बादलों की आवाजाही और रुक-रुक कर हो रही बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक मध्यम से भारी बारिश जारी रहने की उम्मीद है।
Banka Weather : बांका जिले में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. आसमान में बादलों की लगातार आवाजाही हो रही है और रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है. मौसम में आए बदलाव से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों के खेतों में भी गतिविधियां तेज हो गई हैं. मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक जिले में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है. इसके साथ ही तेज हवा और वज्रपात को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
बारिश के कारण धान की रोपाई और अन्य कृषि कार्यों को गति मिली है, लेकिन खराब मौसम को देखते हुए किसानों और आम लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है.
पूरे दिन बादलों की आवाजाही, रुक-रुक कर हो रही बारिश
पिछले कुछ दिनों तक बारिश थमने से जिले में उमस काफी बढ़ गई थी. दिन और रात दोनों समय लोग गर्मी से परेशान थे. अब मानसून के सक्रिय होने के बाद मौसम सुहाना हो गया है.
मंगलवार को भी आसमान में बादल छाए रहने और जिले के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है.
30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी हवा
मौसम विभाग ने बताया है कि बारिश के दौरान मेघ गर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है.
आज जिले का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
Banka Weather: अगले दो दिनों तक भारी बारिश की संभावना
बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर की ग्रामीण कृषि मौसम सेवा और भारत मौसम विज्ञान विभाग के संयुक्त पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो दिनों तक बांका सहित दक्षिण बिहार के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है.
पूर्वानुमान के मुताबिक इस अवधि में अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.
सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 80 से 85 प्रतिशत और दोपहर में 65 से 75 प्रतिशत रहने का अनुमान है.
हवा की दिशा भी बदलेगी
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो दिनों तक 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दक्षिण-पश्चिमी हवा चलेगी. इसके बाद हवा की दिशा बदलकर दक्षिण-पूर्वी होने की संभावना है.
किसानों और आम लोगों के लिए जरूरी सलाह
कृषि विशेषज्ञों ने किसानों से मौसम पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्य करने की अपील की है. बारिश का यह दौर धान की रोपाई के लिए अनुकूल माना जा रहा है.
साथ ही मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि गरज-चमक और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, खेत या पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें. खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है.
Also Read: हाजीपुर से चिराग पासवान ने कर दिया ऐलान, यूपी की सभी 403 सीटों पर उतारेंगे उम्मीदवार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By मदन कुमार
मदन कुमार प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










