गोड्डा ज्वेलर्स चोरी मामले में बौंसी तक पहुंची जांच, श्रवण ज्वेलर्स से संचालक को पूछताछ के लिए ले गई पुलिस

Updated:
विज्ञापन

श्रवण ज्वेलर्स में जांच-पड़ताल करती झारखंड पुलिस की टीम | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

गोड्डा ज्वेलर्स चोरी मामले में झारखंड पुलिस ने बौंसी के श्रवण ज्वेलर्स में छापेमारी की। दुकान संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए गोड्डा ले जाया गया है।

विज्ञापन

Banka News: झारखंड के गोड्डा बाजार स्थित एक आभूषण दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी की जांच अब बिहार के बांका जिले तक पहुंच गई है. गुरुवार को झारखंड पुलिस की टीम ने बौंसी बाजार के डैम रोड स्थित श्रवण ज्वेलर्स में छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान दुकान में मौजूद आभूषणों और संबंधित दस्तावेजों की करीब एक घंटे तक जांच की गई. इसके बाद दुकान संचालक शिवशंकर पोद्दार को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर गोड्डा ले जाया गया. इस कार्रवाई के बाद पूरे बौंसी बाजार में हलचल मच गई और चोरी के जेवरात के संभावित नेटवर्क को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं.

विज्ञापन

गोड्डा चोरीकांड की जांच में बौंसी पहुंची पुलिस टीम

जानकारी के अनुसार, गोड्डा टाउन थाना, पथरगामा थाना, साइबर थाना और अन्य इकाइयों की संयुक्त पुलिस टीम बौंसी थाना के सहयोग से श्रवण ज्वेलर्स पहुंची.

पुलिस ने दुकान में रखे आभूषणों, खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड और अन्य संबंधित कागजात की गहन जांच की. कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस भी पूरी तरह मौजूद रही.

दो गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर हुई कार्रवाई

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में बौंसी थाना क्षेत्र के भीखनपुर गांव निवासी कारू कुमार और दुमका जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र के ककनी गांव निवासी चंद्रशेखर कुमार को गिरफ्तार किया गया है.

दोनों से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी और उनकी निशानदेही के आधार पर पुलिस टीम श्रवण ज्वेलर्स तक पहुंची. जांच फिलहाल चोरी के जेवरात की खरीद-बिक्री और संभावित बरामदगी के पहलुओं पर केंद्रित है.

दुकान से क्या मिला, पुलिस ने नहीं किया खुलासा

हालांकि, छापेमारी के दौरान दुकान से क्या बरामद हुआ, इसकी आधिकारिक जानकारी पुलिस ने अभी सार्वजनिक नहीं की है.

पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर मामले में अन्य संभावित ठिकानों पर भी कार्रवाई की जा सकती है.

बौंसी बाजार में मची हलचल

झारखंड पुलिस की अचानक हुई कार्रवाई से डैम रोड और आसपास के बाजार क्षेत्र में अफरातफरी जैसी स्थिति बन गई.

श्रवण ज्वेलर्स के बाहर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे बाजार में छापेमारी को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं. कई व्यापारियों ने भी इस कार्रवाई को लेकर उत्सुकता जताई.

पहले भी जांच एजेंसियों की नजर में रहा है श्रवण ज्वेलर्स

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, श्रवण ज्वेलर्स में बिहार और झारखंड पुलिस पहले भी कई बार पूछताछ के लिए पहुंच चुकी है.

इस बार की कार्रवाई को गोड्डा ज्वेलर्स चोरीकांड से जोड़कर देखा जा रहा है. जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि चोरी के जेवरात की खरीद-बिक्री से जुड़ी कड़ियों तक पहुंचने में यह कार्रवाई महत्वपूर्ण साबित हो सकती है.

Banka News: संयुक्त कार्रवाई में दोनों राज्यों की पुलिस रही मौजूद

छापेमारी के दौरान बौंसी थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा, एसआई अनीश कुमार, पवन कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे.

फिलहाल मामले की जांच जारी है और झारखंड पुलिस आगे की कार्रवाई पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर करेगी.

Also Read: 28 अगस्त की आधी रात से बंद होगा विक्रमशिला सेतु, 3 महीने ठप रहेगा परिचालन, 30 नवंबर से शुरू होगा स्थायी सफर

Also Read: बिहार के शिक्षा मंत्री बोले- पहले आएगा STET का रिजल्ट, TRE 4 भर्ती परीक्षा में STET पास कैंडिडेट ही बैठेंगे


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन