बांका में सुस्त मानसून से बढ़ी उमस, 5 अगस्त तक बारिश, व तेज हवा की संभावना, किसानों को सतर्क रहने की सलाह

मौैसम की तस्वीर. | Prabhat Khabar Network
Banka Monsoon Update : बांका जिले में मानसून की सुस्ती से उमस बढ़ गई है, जिससे लोगों की चिंताएं बढ़ रही हैं. मौसम विभाग के अनुसार, 5 अगस्त तक मौसम में बदलाव के संकेत हैं, जिसमें बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है. किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.
Banka Monsoon Update : बांका जिले में मानसून की रफ्तार लगातार उतार-चढ़ाव वाली बनी हुई है. लंबे समय से जिले में अच्छी बारिश नहीं होने के कारण लोगों की चिंता बढ़ गई है. शनिवार को तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया. आसमान में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई, लेकिन इससे गर्मी और उमस से राहत नहीं मिली. बाजारों, सड़कों और गांवों में लोग चिपचिपी गर्मी से परेशान नजर आए.
रविवार को धूप-छांव के बीच हल्की बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को आसमान सामान्यतः साफ रहेगा, लेकिन बीच-बीच में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी. जिले के कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. इस दौरान 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.
5 अगस्त तक मौसम में बदलाव के संकेत
बिहार कृषि विश्वविद्यालय की ग्रामीण कृषि मौसम सेवा और भारत मौसम विज्ञान विभाग के संयुक्त पूर्वानुमान के अनुसार 5 अगस्त तक बांका सहित दक्षिण बिहार के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदल सकता है. इस दौरान आसमान में घने बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने और कई स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है. गया और नवादा के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश भी हो सकती है. मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि इस प्रणाली का असर आसपास के जिलों में भी देखने को मिल सकता है.
किसानों के लिए जरूरी सलाह
कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को मौसम को देखते हुए पूरी सतर्कता बरतने की सलाह दी है. खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था बनाए रखने, फसलों को तेज हवा और संभावित जलभराव से बचाने तथा मौसम साफ रहने पर ही कृषि कार्य करने की सलाह दी गई है. पूर्वानुमान अवधि में सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 80 से 90 प्रतिशत तथा दोपहर में 60 से 70 प्रतिशत रहने का अनुमान है. दक्षिण-पूर्व दिशा से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
अच्छी बारिश की उम्मीद अभी कायम
मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल मानसून की गतिविधियां कमजोर बनी हुई हैं, लेकिन आने वाले दिनों में मौसम प्रणाली सक्रिय होने के साथ जिले में अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है. इससे किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है. विभाग ने किसानों और आम लोगों से मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमानों और चेतावनियों पर लगातार नजर बनाए रखने की अपील की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By मदन कुमार
मदन कुमार प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










