कटोरिया में 91 लाख का मार्केट, लेकिन एक भी दुकान चालू नहीं
Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 24 May 2026 12:31 PM
Banka News : कटोरिया में लाखों रुपये खर्च कर बना जिला परिषद मार्केट पिछले एक साल से वीरान पड़ा है. दुकानें तैयार हैं, शटर लगे हैं, लेकिन आवंटन नहीं होने से न कारोबार शुरू हो पा रहा है और न ही लोगों को रोजगार मिल रहा है.
कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट : बांका जिले के कटोरिया में जिला परिषद की जमीन पर करीब 91 लाख रुपये की लागत से बना मार्केट अब सवालों के घेरे में है. 26 दुकानों वाले इस मार्केट का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन दुकान आवंटन की प्रक्रिया शुरू नहीं होने से पूरा परिसर बंद पड़ा है. स्थानीय लोग इसे सरकारी लापरवाही बता रहे हैं.
एक साल से बंद हैं शटर, बढ़ रही लोगों की नाराजगी
कटोरिया-बलियामहरा मुख्य सड़क मार्ग पर थाना और अस्पताल के बीच बने इस जिला परिषद मार्केट से स्थानीय लोगों को काफी उम्मीदें थीं. माना जा रहा था कि बाजार शुरू होने के बाद छोटे व्यापारियों और बेरोजगार युवाओं को रोजगार का नया अवसर मिलेगा. लेकिन निर्माण के बावजूद एक साल बीत जाने के बाद भी दुकानें आवंटित नहीं की गईं.स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर दुकानों का आवंटन हो जाता, तो बाजार में आर्थिक गतिविधियां शुरू हो जातीं और सरकार को भी राजस्व मिलता. फिलहाल पूरा मार्केट वीरान नजर आ रहा है.
26 दुकानों का निर्माण, अभी भी अधूरा है कुछ काम
जानकारी के अनुसार जिला परिषद कोटा से करीब 91 लाख रुपये की राशि से इस मार्केट का निर्माण कराया गया है. कुल 26 दुकानों में से 17 का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि शेष दुकानों में शटर लगाने का काम बाकी है. दुकानों के सामने पेवर ब्लॉक और मिट्टी भराई का कार्य भी प्रस्तावित है, ताकि बरसात में कीचड़ की समस्या न हो.आगे और बढ़ेगा मार्केट एरिया
जिला परिषद की जमीन पुराने रेफरल अस्पताल और नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीच भी मौजूद है. वहां मापी का काम पूरा हो चुका है और जल्द अतिक्रमण हटाकर आगे दुकान निर्माण की योजना बनाई जा रही है.
क्या बोलीं जिला परिषद सदस्य
कटोरिया पश्चिमी क्षेत्र की जिला परिषद सदस्य अंजना देवी ने कहा कि दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्थानीय लोगों को व्यवसाय शुरू करने का अवसर जल्द मिलेगा.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










