बसुहारा गांव में 72 घंटे का अखंड रामधुन संकीर्तन शुरू, भक्तिमय हुआ माहौल

Updated at : 07 Apr 2026 8:42 PM (IST)
विज्ञापन
बसुहारा गांव में 72 घंटे का अखंड रामधुन संकीर्तन शुरू, भक्तिमय हुआ माहौल

शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र के बसुहारा गांव स्थित काली मंदिर परिसर में 72 घंटे का अखंड रामधुन संकीर्तन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ प्रारंभ हो गया.

विज्ञापन

शंभुगंज. शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र के बसुहारा गांव स्थित काली मंदिर परिसर में 72 घंटे का अखंड रामधुन संकीर्तन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ प्रारंभ हो गया. यह धार्मिक आयोजन गांव के सामूहिक सहयोग से किया जा रहा है, जिसमें क्षेत्र भर के श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिल रही है. कार्यक्रम का शुभारंभ श्री श्री 108 जय बाबा बसुहारा नाथ बड़ी काली मां के प्रांगण में विधि-विधान के साथ किया गया. संकीर्तन प्रारंभ होने से पूर्व बसुहारा नाथ महादेव स्थान, विष्णुपुर के चंद्र कूप से पंडित देवेंद्र ठाकुर द्वारा मंत्रोच्चारण के बीच कलश में जल भरकर विधिवत पूजा-अर्चना की गयी. इसके बाद भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गयी, जिसमें करीब 151 महिला एवं पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए. कलश यात्रा पूरे गांव में विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी. इस दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया. ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच निकली इस यात्रा से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा. धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो जैसे जयघोषों से इलाका गूंज उठा. आयोजकों ने बताया कि 72 घंटे तक लगातार रामधुन संकीर्तन चलेगा, जिसमें दिन-रात भजन-कीर्तन का आयोजन होगा. आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं. आयोजन को सफल बनाने में आचार्य गौतम शर्मा, मुकेश तांती, बजरंगी तांती, प्रीतम सिंह, भैरव शर्मा, पप्पू ठाकुर, डॉ धीरंजय कुमार, कुंदन कुमार, सचिन कुमार सहित अन्य ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह के धार्मिक आयोजनों से गांव में आपसी भाइचारा एवं सामाजिक एकता मजबूत होती है. आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं अन्य सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गयी है. पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है.

विज्ञापन
SHUBHASH BAIDYA

लेखक के बारे में

By SHUBHASH BAIDYA

SHUBHASH BAIDYA is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन