मुख्य आरोपित के घर कुर्की

Published at :13 Aug 2017 6:09 AM (IST)
विज्ञापन
मुख्य आरोपित के घर कुर्की

अपराध. शहर के चर्चित आकाश हत्याकांड में बांका पुलिस ने की कार्रवाई आकाश का अपहरण विगत 24 जुलाई को हुआ था. इसके बाद 28 जुलाई को आकाश का शव विशनपुर गांव स्थित चांदन नदी में क्षत विक्षत स्थिति में मिला था. इस लोमहर्षक हत्याकांड ने शहर को हिला कर रख दिया था. बांका : शहर […]

विज्ञापन

अपराध. शहर के चर्चित आकाश हत्याकांड में बांका पुलिस ने की कार्रवाई

आकाश का अपहरण विगत 24 जुलाई को हुआ था. इसके बाद 28 जुलाई को आकाश का शव विशनपुर गांव स्थित चांदन नदी में क्षत विक्षत स्थिति में मिला था. इस लोमहर्षक हत्याकांड ने शहर को हिला कर रख दिया था.
बांका : शहर के छात्र आकाश कुमार की निर्मम हत्याकांड में पुलिस ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई की है. छात्र के पहले अपहरण, बाद में उनकी निर्मम हत्या के मुख्य आरोपित विभीषण यादव के गांव मजलिसपुर व बांका शहर स्थित शांतिनगर मुहल्ला में अवस्थित मकान व उनके भाई आनंदी यादव के घर की कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने कुर्की-जब्ती की. पुलिस इस दौरान अभियुक्त के घर में रखे सारे सामान को जब्त करते हुए थाना ले आयी. मालूम हो कि केस के अनुसंधानकर्ता सदर थानाध्यक्ष राकेश कुमार रंजन ने पूर्व में ही कोर्ट से कुर्की जब्ती का आदेश मांगा था. जिसमें कोर्ट ने सभी नामजद फरार चल रहे अभियुक्तों के घर कुर्की जब्ती का आदेश निर्गत किया था.
इसी कड़ी में शनिवार को यह कार्रवाई की गयी. पुलिस की इस कार्रवाई में बांका सदर थानाध्यक्ष के अलावे बाराहाट थानाध्यक्ष पंकज पासवान, बौंसी थानाध्यक्ष परीक्षित पासवान, एससीएसटी थानाध्यक्ष लक्ष्मण राम, बांका थाना के एसआइ अरुण कुमार सिंह, दिलीप कुमार, हरेंद्र सिंह सहित काफी संख्या महिला व पुरुष बल मौजूद थे. वहीं विभीषण यादव गांव मजलिसपुर में कुर्की होने के बाद पुलिस ने जब उनके भाई आनंदी यादव के घर का कुर्की की तो लंबे समय से फरार अभियुक्त आनंदी यादव ने बौंसी थाना पहुंच कर पुलिस को अपनी गिरफ्तारी दे दी. इसके बाद पुलिस ने उक्त अभियुक्त के घर की कुर्की बंद कर दी. लेकिन पुलिस तक गिरफ्तारी की सूचना आते-आते देर हो चुकी थी. इसके पूर्व ही पुलिस ने आनंदी यादव का घर के कई सामान को जब्त कर थाना ले आयी थी.
विभीषण यादव के मकान में चल रहा था आंगनबाड़ी केंद्र : शहर स्थित शांतिनगर मुहल्ला वार्ड नंबर 10 जहां पर विभीषण यादव का पिछले कई सालों से आवास है. उस आवास में उनकी पत्नी द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र चलाया जा रहा था. लेकिन घर पर पुलिस द्वारा इस्तिहार चिपकाने के बाद उनकी पत्नी केंद्र बंद कर फरार हो गयी थी. शनिवार की अहले सुबह से ही पुलिस इनके आवास को घेर रखा था. इस दौरान पुलिस ने पहले उक्त अभियुक्त के गांव में कुर्की जब्ती की. इसके बाद शहर में उनके आवास पर चल रहे आंगनबाड़ी केंद्र को कुर्की जब्ती कर आवास में रखे सारा सामान को जब्त कर थाना ले आयी है. हालांकि शहर के जिस आवास की कुर्की हुई है उस आवास के मुख्य गेट पर समेकित बाल विद्यालय सेवा परियोजना बांका का बोर्ड लगा हुआ था. केंद्र का नाम कलालीगली व केंद्र संख्या 164 व सेविका पूनम कुमारी के नाम का एक बोर्ड भी लगा हुआ था.
तीन स्थानों पर हुई कुर्की दो स्थानों पर और होगी
कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आकाश हत्या कांड के फरार चल रहे अभियुक्त विभीषण यादव व आनंदी यादव के घर की कुर्की की. इस दौरान उक्त अभियुक्त विभीषण यादव के गांव स्थित मकान व उनके भाई आनंदी यादव के घर में कुर्की जब्ती की गयी. इसके बाद विभीषण यादव के दूसरा मकान शहर स्थित शांतिनगर मुहल्ला वार्ड नंबर 10 में भी कुर्की जब्ती कर घर में रखे सारा सामान को जब्त कर थाना ले आया गया है.
इस संबंध में सदर थानाध्यक्ष राकेश कुमार रंजन ने बताया कि विभीषण यादव का शहर स्थित दो और मकान की कुर्की जब्ती की जायेगी. हालांकि पुलिस के इस कार्यवाही के बाद हत्याकांड के नामजद अभियुक्त आनंदी यादव के घर में कुर्की होने के दौरान उन्होंने बौंसी थाना पहुंच कर अपना गिरफ्तारी दे दी है. लेकिन हत्या कांड के मुख्य आरोपित विभीषण यादव अभी भी पुलिस के गिरफ्त से बाहर है.
नये एसपी ने केस के अनुसंधानकर्ता को बदला
आकाश का अपहरण विगत 24 जुलाई को हुआ था. जिसके बाद 28 जुलाई को आकाश का शव विशनपुर गांव स्थित चांदन नदी में क्षत विक्षत स्थिति में मिला था. थानाध्यक्ष सौम्य प्रियदर्शी दल-बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे थे और परिजनों को उन्होंने कहा था कि यह शव आप का नहीं है. इस बात को लेकर परिजनों ने आक्रोश में आकर शहर स्थित शिवाजी चौक को करीब पांच घंटा तक जाम कर दिया था. इस दौरान आक्रोशित लोगों ने कई बार प्रशासन को भी वहां से भगा दिया था.
जिसके बाद पूर्व थानाध्यक्ष ने सड़क जाम कर रहे मृतक के परिजनों पर पुलिस बल द्वारा लाठी चार्ज करवा दिया था. जिस पर पूर्व एसपी राजीव रंजन ने कार्यवाही करते हुए उक्त थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर करवा दिया. इसके बाद जब दूसरा एसपी चंदन कुमार कुशवाहा ने अपना पदभार ग्रहण किया तो सबसे पहले आकाश हत्याकांड मामले को संज्ञान में लेते हुए केस के अनुसंधानकर्ता को बदल कर सदर थानाध्यक्ष राकेश कुमार रंजन को दूसरा अनुसंधानकर्ता बनाया. इसके बाद उन्होंने फरार चल रहे सभी अभियुक्त के विरुद्ध कार्रवाई के लिए न्यायालय से आदेश लिया.
हत्याकांड में अब तक चार गिरफ्तार, तीन फरार
आकाश हत्याकांड में पुलिस ने अब तक चार अभियुक्त को गिरफ्तार किया है जबकि तीन अभियुक्ति अभी भी पुलिस के गिरफ्त से बाहर है. मालूम हो कि मृतक के पिता सुक्रर साह ने पुत्र की निर्मम हत्या के आरोप में विभीषण यादव, जगदीश यादव, आनंदी यादव, सौरव कुमार, जितेंद्र कुमार के अलावे मुहल्ला के रोशन कुमार, छोटू कुमार को नामजद अभियुक्त बनाया है. जिसमें अब तक छोटू कुमार, रोशन कुमार, जितेंद्र यादव, आनंदी यादव की गिरफ्तारी हो चुकी है. वहीं अन्य अभियुक्त अभी भी पुलिस के गिरफ्त से बाहर है.
क्या कहते हैं एसपी
इस संबंध में एसपी चंदन कुमार कुशवाहा ने बताया कि आकाश हत्याकांड के सभी अभियुक्त को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे किया जायेगा. इतना ही नहीं सभी अभियुक्तों के विरूद्ध स्पीडी ड्रायल चला कर कड़ी से कड़ी सजा दिलायी जायेगी. इस तरह के जघन्य अपराध करने वाले अभियुक्त किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जायेंगे. वहीं विभीषण यादव के सभी चल व अचल संपत्ति की जांच की जायेगी.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन