नवीनगर में सड़क दुर्घटना में युवक की मौत
Updated at : 01 Jan 2026 6:35 PM (IST)
विज्ञापन

उत्तर कोयल नहर पर पुल निर्माण के लिए खोदे गये गड्ढे में मिला शव
विज्ञापन
उत्तर कोयल नहर पर पुल निर्माण के लिए खोदे गये गड्ढे में मिला शव
नवीनगर. औरंगाबाद जिले के नवीनगर में हुए सड़क हादसे में घटनास्थल पर ही युवक की मौत हो गयी. घटना नवीनगर प्रखंड अंतर्गत टंडवा थाना क्षेत्र में देवी कांडी गांव के समीप उत्तर कोयल नहर मार्ग की है. मृतक की पहचान कांडी गांव निवासी 41 वर्षीय रौशन कुमार सिंह के रूप में की गयी. गुरुवार को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि रोशन बुधवार की देर रात गांव से नवीनगर स्थित आवास पर जाने के लिए निकला था, लेकिन वह नवीनगर नहीं पहुंचा. परिजनों को लगा कि वह गांव पर ही रुक गया होगा, लेकिन सुबह जब स्थानीय लोग नहर की ओर गये, तो पुल के पास सड़क पर उसकी बुलेट बाइक नजर आयी. वह खुद 30 फुट नीचे गड्ढे में गिरा था. स्थानीय लोगों द्वारा घटना की जानकारी परिजनों को दी गयी. सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे. घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस भी वहां पहुंची तथा शव को कब्जे में लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. मृतक के चचेरे भाई गजेंद्र कुमार सिंह और बबलू ने बताया कि रोशन छत्तीसगढ़ के रायपुर में रहकर प्राइवेट जॉब करता था. लगभग एक माह पहले घर आया था. धान की फसल सहेजने के बाद वह अपने काम पर जाने वाला था. एक सप्ताह के बाद कंपनी द्वारा उसे दुबई भेजा जाना था, लेकिन इसके पहले ही हादसे का शिकार हो गया. परिजनों ने आशंका जतायी है कि नवीनगर से लौटने के दौरान कोहरे की चपेट में आने से उसकी बाइक अनियंत्रित होकर पलट गयी या फिर किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दिया, जिसके कारण दुर्घटना हुई. पता चला कि मृतक रोशन सामाजिक कार्यों में भी बढ़ चढ़कर भाग लेता था. वह अपने गांव के लक्ष्मी पूजा नाटक कला समिति का अध्यक्ष भी था, जबकि उसकी पत्नी बबीता देवी वार्ड सदस्य है. घटना के बाद पत्नी बबीता के साथ-साथ 12 वर्षीय पुत्र अभिनव तथा 10 वर्षीय पुत्री जानवी का रो-रो कर बुरा हाल है.पुल निर्माण का कार्य कर रही एजेंसी पर लापरवाही का आरोप
स्थानीय लोगों के अनुसार उत्तर कोयल नहर पर गांव के समीप पुल निर्माण का कार्य कर रही निर्माण कंपनी की लापरवाही घटना में कारण बनी है. ग्रामीणों का कहना है कि कंपनी द्वारा उक्त स्थल पर गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया है. न तो वहां किसी प्रकार की ठोस घेराबंदी की गयी है और न ही रोशनी की कोई व्यवस्था है, जबकि यह इलाका चार मुहानी रास्ता होने के कारण अत्यधिक व्यस्त रहता है. स्थानीय लोगों ने बताया कि उक्त स्थान पर अब तक आधे दर्जन से अधिक छोटी-बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं, इसके बावजूद निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है. टंडवा थानाध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है. मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




