औरंगाबाद: गांव की बेटियों का उच्च शिक्षा पाने का सपना होगा पूरा, ओबरा प्रखंड में खुला डिग्री महाविद्यालय

कार्यक्रम का उद्घाटन करते ओबरा विधायक व जिलाधिकारी | Prabhat Khabar Network
औरंगाबाद जिले के ओबरा प्रखंड में नवनिर्मित राजकीय डिग्री महाविद्यालय का उद्घाटन हो गया है. इससे हजारों छात्र-छात्राओं, खासकर बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए अब दूर नहीं जाना पड़ेगा.
Aurangabad News: औरंगाबाद जिले के लिए बुधवार का दिन उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचने वाला साबित हुआ. बिहार के माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ओबरा प्रखंड के करसांव स्थित नवनिर्मित राजकीय डिग्री महाविद्यालय का विधिवत उद्घाटन किया. इस अत्याधुनिक महाविद्यालय के सुचारू रूप से शुरू होने से स्थानीय ग्रामीण क्षेत्र के हजारों छात्र-छात्राओं को अब स्नातक (ग्रेजुएशन) की पढ़ाई के लिए दूर-दराज के बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा.
समारोह में उमड़े कई गणमान्य
करसांव महाविद्यालय के मुख्य परिसर में आयोजित इस भव्य उद्घाटन समारोह में ओबरा के लोकप्रिय विधायक प्रकाश चंद्रा, जिलाधिकारी (डीएम) अभिलाषा शर्मा, अपर समाहर्ता (आपदा) उपेंद्र पंडित, डीपीआरओ श्वेता प्रियदर्शी, शिक्षा विभाग के वरीय अधिकारी, कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे. कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर की, जिसके बाद विधिवत शिलापट्ट का अनावरण किया गया.
बेटियों के लिए बनेगा वरदान
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए ओबरा विधायक डॉ. प्रकाश चंद्र ने कहा कि करसांव में इस राजकीय डिग्री महाविद्यालय की स्थापना पूरे क्षेत्र के विकास के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है. यह नया शैक्षणिक संस्थान विशेष रूप से गरीब ग्रामीण परिवारों और मेधावी बेटियों के लिए एक बड़ा वरदान साबित होगा, जिन्हें अब स्नातक की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों में जाने की मजबूरी नहीं रहेगी. उन्होंने कहा कि यह कॉलेज युवाओं के सुनहरे सपनों को एक नयी और मजबूत उड़ान देगा.
उन्नत शिक्षा से उज्ज्वल भविष्य
कार्यक्रम के दौरान औरंगाबाद की जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने कहा कि करसांव, ओबरा और पूरे जिले के लिए यह बेहद गौरव का क्षण है. इस महाविद्यालय के खुलने से क्षेत्र के युवाओं के लिए उच्च शिक्षा का एक नया और स्वर्णिम द्वार खुल गया है. उन्होंने बताया कि बिहार सरकार के सात निश्चय-3.0 के तहत चलाए जा रहे 'उन्नत शिक्षा-उज्ज्वल भविष्य' अभियान का मुख्य उद्देश्य हर क्षेत्र के विद्यार्थियों को उनके घर के बिल्कुल निकट ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










