औरंगाबाद: अंबा-नवीनगर मुख्य पथ पर सड़क हादसा, ईंट के टुकड़े से असंतुलित होकर दूसरे वाहन से टकरायी बाइक, युवक की मौत
सड़क हादसे में युवक की मौत
बिहार के औरंगाबाद जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक पंकज कुमार मेहता की मौत हो गई. सड़क पर पड़े ईंट के टुकड़े से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दूसरी मोटरसाइकिल से टकरा गई.
Aurangabad News: बिहार के औरंगाबाद जिले में अंबा-नवीनगर मुख्य पथ पर दधपा गांव मोड़ के समीप गुरुवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान दधपा गांव निवासी अरविंद मेहता के पुत्र पंकज कुमार मेहता (22 वर्ष) के रूप में की गई है. इस अचानक हुई मौत की खबर के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
आपके शहर में
ईंट के टुकड़े से असंतुलित हुई बाइक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंकज कुमार मेहता अपनी मोटरसाइकिल से अंबा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान सड़क पर पड़े एक ईंट के टुकड़े से उनकी बाइक अचानक असंतुलित हो गयी. अनियंत्रित होने के कारण पंकज की बाइक सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से सीधे टकरा गयी. इस भीषण हादसे में पंकज कुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये और उनके सिर में काफी चोटें आईं.
अस्पताल ले जाने के दौरान तोड़ा दम
दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से लहूलुहान पंकज को इलाज के लिए पास के रेफरल अस्पताल कुटुंबा ले जाया गया. वहां उपस्थित चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद रेफर कर दिया. हालांकि, जब परिजन उन्हें लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, तो वहां के चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, ग्रामीणों में आक्रोश
इस दुखद घटना के बाद मृतक पंकज के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क पर निर्माण सामग्री और मलबा बिखरा रहने पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है. ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य सड़कों पर ईंट, बालू और गिट्टी जैसी निर्माण सामग्री बिखरी रहने के कारण लगातार जानलेवा दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है. उन्होंने संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन से सड़क की नियमित सफाई कराने और ऐसी दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक व ठोस कदम उठाने की पुरजोर मांग की है.
Also Read: औरंगाबाद: ग्रामीण समृद्धि व अर्थव्यवस्था सुदृढ़ बनाने को संकल्पित है नाबार्ड: डीडीएम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए