टायर दुकान पर पैसे के विवाद ने लिया हिंसक रूप, मारपीट के बाद सड़क जाम व आगजनी

मारपीट के बाद लोगों की जुटी भीड़.
Aurangabad News : दुकान संचालक का आरोप है कि गाड़ी की मरम्मत के बाद 380 रुपये मांगने पर डॉक्टर ने गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया. विरोध करने पर मारपीट की.
Aurangabad News : दाउदनगर-औरंगाबाद मुख्य मार्ग पर भखरुआं तिवारी मोहल्ला स्थित एक टायर दुकान पर पैसे के लेन-देन को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. मारपीट की घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया. आक्रोशित लोगों ने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अरविंद हॉस्पिटल के समीप सड़क जाम कर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और जाम हटवाया.
मारपीट की घटना सीसीटीवी में कैद
जानकारी के अनुसार, भखरुआं निवासी प्रवीण कुमार की टायर दुकान पर सदर अस्पताल, औरंगाबाद में पदस्थापित डॉ. आर्यन, जो दाउदनगर के एक निजी अस्पताल में भी सेवाएं देते हैं, अपनी गाड़ी बनवाने पहुंचे थे. दुकान संचालक का आरोप है कि गाड़ी की मरम्मत के बाद 380 रुपये मांगने पर डॉक्टर ने गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया. विरोध करने पर उन्होंने फोन कर 10 से 15 लोगों को बुला लिया, जिन्होंने दुकानदार, उनके पुत्र और दुकान के स्टाफ के साथ मारपीट की.
मारपीट की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
पांच नामजद समेत 17 लोगों पर केस
दुकानदार की पत्नी रीना कुमारी द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी में पांच नामजद और 12 अज्ञात लोगों पर मारपीट, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है.
घटना के बाद पूर्व मुखिया कुणाल प्रताप, राजद प्रखंड अध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह, मुखिया प्रतिनिधि नागेंद्र सिंह, युवा राजद नेता अरुण कुमार यादव, अजीत कुमार सहित अन्य लोगों ने आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की.
मामले में पुलिस कर रही पूछताछ
ओबरा थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और सड़क जाम समाप्त कराया। वहीं दाउदनगर थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. उन्होंने यह भी बताया कि दूसरे पक्ष की ओर से भी प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










