सामुदायिक भवन में संचालित हो रहा नवसृजित प्राथमिक विद्यालय, ग्रामीणों ने जताया विरोध

कई बार ध्यान आकृष्ट कराने के बावजूद विभाग द्वारा ध्यान नहीं दिया गया
ओबरा. बारुण प्रखंड के वैदेही गांव स्थित नवसृजित प्राथमिक विद्यालय का संचालन सामुदायिक भवन में हो रहा है. इससे बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है. कई बार ध्यान आकृष्ट कराने के बावजूद विभाग द्वारा ध्यान नहीं दिया गया. शुक्रवार को गांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने वार्ड सदस्य राहुल राय की अध्यक्षता में बैठक की और समस्याओं पर चर्चा करते हुए अपनी बातें रखी. उपस्थित लोगों ने कहा कि सरकार जिले के सभी गांव में विद्यालय भवन का निर्माण कर रही है, लेकिन वैदाही गांव में सामुदायिक भवन में विद्यालय संचालित किया जा रहा हैं. एक कमरे में नवसृजित विद्यालय तथा आंगनबाड़ी केंद्र संचालित किया जा रहा हैं. विद्यालय में चार शिक्षक की पदस्थापना करायी गयी है. ग्रामीणों ने बैठक के दौरान कहा कि शिक्षा विभाग व सरकार की उदासीनता के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है. स्थानीय जनप्रतिनिधि भी इस मामले में कोई पहल नहीं कर पा रहे हैं, जबकि पर्याप्त मात्रा में विद्यालय की जमीन उपलब्ध है. ग्रामीणों ने कहा कि यदि विद्यालय के बच्चों को शौच की जरूरत पड़ती है, तो उन्हें इधर से उधर भटकना पड़ता है. सामुदायिक भवन में शौचालय तथा पेयजल की कोई व्यवस्था नहीं है. सबों ने एक स्वर से कहा कि सरकार ग्रामीणों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है. बैठक के दौरान ग्रामीणों ने निर्णय लेते हुए कहा कि इस संबंध में डीएम से मिलकर ध्यान आकृष्ट करायेंगे. गांव में विद्यालय का अपना भवन निश्चित रूप से होना चाहिए, ताकि बच्चों को शिक्षा ग्रहण करने में परेशानी न हो. गांव में जो सामुदायिक भवन है उसमें मात्र एक कमरा है, जिसमें विद्यालय तथा आंगनबाड़ी भी संचालित किया जा रहा है. ग्रामीण व कलाकार टिंकू टाइगर ने बताया कि गांव में विद्यालय भवन अति आवश्यक है, ताकि बच्चों को समुचित शिक्षा उपलब्ध हो. मौके पर सतीश राय, पिंटू राय, सरोज राय, विकास राय, मदन राय, विजय राय, संजय राय, मुन्ना राय, अमित राय, विक्की, बिट्टू, चंदन आदि ग्रामीण मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




